सरपंच ने कलेक्टर से की जांच की मांग, ठेकेदार पर कार्रवाई और तत्काल मरम्मत की मांग
कोरबा। जनपद पंचायत कटघोरा अंतर्गत ग्राम पंचायत भिलाई बाजार से नरईबोध तक निर्मित डायवर्ट सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्राम पंचायत भिलाई बाजार की सरपंच रजनी मरकाम ने जिला कलेक्टर को पत्र सौंपकर सड़क निर्माण की जांच कराने, क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराने तथा दोषी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि भिलाई बाजार से नरईबोध तक निर्मित डायवर्ट सड़क का निर्माण हुए अभी लगभग एक वर्ष ही हुआ है, लेकिन कथित तौर पर गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों की अनदेखी के कारण सड़क कई स्थानों पर पूरी तरह उखड़ चुकी है और जर्जर अवस्था में पहुंच गई है। इससे इस मार्ग से आवागमन करने वाले ग्रामीणों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दुर्घटना की आशंका जताई
सरपंच ने पत्र में कहा है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो सड़क की स्थिति और खराब होने के साथ गंभीर सड़क दुर्घटना की आशंका भी बनी रहेगी।
निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी का आरोप
शिकायत में प्रथम दृष्टया निर्माण कार्य में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किए जाने और ठेकेदार द्वारा घटिया सामग्री के इस्तेमाल तथा लापरवाही से कार्य किए जाने की आशंका जताई गई है। सरपंच ने यह भी कहा है कि इससे शासन एवं एसईसीएल की राशि के दुरुपयोग की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
सरपंच ने कलेक्टर से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए सड़क निर्माण की तकनीकी जांच कराने, क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराने और जांच में दोषी पाए जाने वाले संबंधित ठेकेदार अथवा जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















