नपानि की साधारण सभा : भूखण्डों के भू-भाटक वृद्धि का प्रस्ताव निरस्त, बाकी पारित

कोरबा। नगर पालिक निगम की साधारण सभा की बैठक में पूर्ववर्ती विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण वर्तमान में नगर पालिक निगम द्वारा विभिन्न योजनांतर्गत लीज पर आबंटित भूखण्डों के भू-भाटक मेंं वृद्धि संबंधी प्रस्ताव निरस्त हुआ तथा शेष सभी प्रस्ताव सदन से पारित किए गए।


निगम के सभापति श्यामसुंदर सोनी की अध्यक्षता व महापौर राजकिशोर प्रसाद व आयुक्त आशुतोष पाण्डेय की उपस्थिति में नगर पालिक निगम की साधारण सभा की बैठक पं. जवाहरलाल नेहरू सभागृह में आयोजित की गई।

बैठक में दादरखुर्द मानिकपुर में सार्वजनिक रथयात्रा आयोजन में सहयोग, चौक-चौराहों के नामकरण के अंतर्गत स्वामी विवेकानंद उद्यान के समीप रिक्त स्थल को अटल परिसर के लिए विकसित कर नामकरण करते हुए भारतरत्न स्व.अटलबिहारी वाजपेयी की मूर्ति स्थापित किए जाने, मुख्यमंत्री पेंशन योजना की स्वीकृति, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना की स्वीकृति, सामाजिक सहायता कार्यक्रम अंतर्गत संचालित पेंशन योजना की स्वीकृति, पं.दीनदयाल उपाध्याय व्यवसायिक काम्पलेक्स भवन, हाल को लीज पर आबंटन संबंधी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

सातवें एजेंडे के रूप में विभिन्न योजनांतर्गत लीज पर आबंटित भूखण्डों के भू-भाटक में वृद्धि के संबंधी प्रस्ताव पर काफी चर्चा के बाद भी सर्वसम्मति नहीं बनी।

सभापति श्यामसुंदर सोनी ने अंत में बहुमत के आधार पर प्रस्ताव को निरस्त कर दिया गया। इसी प्रकार वार्ड 22 व 24 में सीवर लाईन निर्मांण कार्य संबंधी प्रस्ताव, नगर पालिक निगम कोरबा के पार्षदगणों के स्वच्छता अध्ययन सह भ्रमण पर जाने के संबंध में प्रस्तुत प्रस्ताव, निगम के सभी पार्षदों (सदस्यों) को आवासीय भूमि आबंटन संबंधी प्रस्ताव, स्व.पार्षद श्रीमती द्रौपदी वर्मा के निधन पश्चात आश्रित को आर्थिक सहायता एवं वार्ड में प्रतिमा स्थापित करने संबंधी प्रस्ताव, प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना अंतर्गत सिविल बस डिपो इंफ्रास्ट्रक्चर तथा बीटीएम पावर इंफ्रास्क्ट्रक्चर निर्माण के संबंध में प्रस्तुत प्रस्ताव, स्व.केशवलाल मेहता स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता वर्ष 2024 के आयोजन हेतु आर्थिक सहयोग प्रदान करने संबंधी प्रस्ताव, अमृत मिशन 2.0 अंतर्गत नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्रांतर्गत प्रस्तावित 33 एम.एल.डी. सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण संबंधी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

जाति प्रमाण पत्र के संबंध में उद्घोषणा जारी करने संबंधी प्रस्ताव सदन में प्रस्तुत किया गया, जिस पर एक निर्वाचित सदस्य द्वारा आपत्ति दर्ज कराई गई, अंत मेंं प्रस्ताव सदन द्वारा पारित किया गया।