रोजगार के लिए गेवरा सीजीएम कार्यालय में तालाबंदी आज

कोरबा। 24 दिसंबर को होने वाले भू-विस्थापित बेरोजगार युवकों के रोजगार के लिए सीजीएम कार्यालय गेवरा में अजय जायसवाल के नेतृत्व में होने वाले तालाबंदी को विभिन्न भू-विस्थापित संगठनों ने अपना समर्थन दिया है।

एसईसीएल गेवरा खदान से प्रभावित ग्राम भिलाईबाजार, बरभाटा, मुडिय़ानार, सलोरा, पंडरीपानी, नराईबोध, उमेंदीभाटा, केसला सभी ग्रामों में धारा 4 का प्रकाशन कर अधिग्रहण किया जाना है। भविष्य में हजारों एकड़ जमीन से कोयला उत्खनन होना है।

वर्तमान में बड़ी-बड़ी कंपनियां गेवरा खदान में नियोजित है जिसमें हजारों की संख्या में अन्य राज्य और अन्य जिलों के लोगों को काम पर रखा गया है। प्रभावित ग्रामों से लगभग 100 लोगों को भी कंपनियों में रोजगार प्राप्त नहीं हुआ है।

ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा एसईसीएल प्रबंधन के समक्ष प्रस्तुत होकर एवं आंदोलन कर रोजगार की मांग की जा रही है। जानबूझ कर क्षेत्र के युवा बेरोजगारों को रोजगार प्रदान नहीं किया जा रहा है।

24 दिसंबर को श्रीमती रीना अजय जायसवाल के नेतृत्व में भू-विस्थापित बेरोजगारों को रोजगार दिलाने जनहित में किये जा रहे आंदोलन को विभिन्न भू-विस्थापित संगठनों ने अपना समर्थन दिया है।

समर्थन देने वाले संगठनों में अध्यक्ष जटराज बचाओ भू-विस्थापित संगठन ग्राम चंद्रनगर, युवा भू-विस्थापित संगठन ग्राम पड़निय़ा, कोरबा, हसदेव भू-विस्थापित संघ ग्राम खैरभवना सहित अन्य संगठन शामिल हैं।