दर्री जोन के वार्ड क्रमांक 45 में विभिन्न विकास कार्यों का किया भूमिपूजन

विष्णुदेव सरकार में दौड़ा कोरबा के विकास का पहिया : उद्योग मंत्री

कोरबा। नगर विधायक, वाणिज्य उद्योग और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने शनिवार को नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत दर्री जोन के वार्ड 45 सियाहीमुड़ी में चार वार्डों के विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन कर शिलापट्टी का अनावरण किया।


इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि विष्णुदेव सरकार नगरीय क्षेत्रों के विकास के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है। शहरों के विकास के लिए राशि की कोई कमी नहीं होगी। जनभावना के अनुरूप तमाम विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा सुगम, सुचिता और सुशासन के साथ नैतिक मूल्यों का निर्वहन करते हुए जन सरोकार के कार्यों को प्राथमिकता से किया जा रहा है।

मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि सिंचाई कॉलोनी वार्ड 43 में चिल्ड्रन पार्क के विकास की लंबे समय से की जा रही थी, जिसका आज भूमि पूजन किया गया। वार्ड 45 की दो सडक़ों का निर्माण होगा। मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान जिले में कुल 623 करोड़ के विभिन्न कार्यों की आधारशिला रखी थी। निगम क्षेत्र को कई बड़ी सौगात मिली है। विष्णु देव सरकार में कोरबा का विकास का पहिया तेजी से चल रहा है। वार्ड के लोगों की जो भी मांग है वह हर हाल में पूरी होगी, चिंता करने की जरुरत नहीं है।


इन कार्यों का किया गया भूमि पूजन
मंत्री श्री देवांगन ने वार्ड 43 सिंचाई कॉलोनी में चिल्ड्रन पार्क निर्माण कार्य लागत 10 लाख, वार्ड 43 कल्मीडुगु के सामने मंच निर्माण 5 लाख, वार्ड क्रमांक 45 स्याहीमुड़ी में कोमल खडिय़ा के घर तक सीसी रोड निर्माण कार्य 14 लाख, वार्ड 50 अयोध्यापुरी मिडिल स्कूल में अतिरिक्त कक्ष व पेवर ब्लॉक कार्य 14 लाख कुल 43 लाख के कार्यों का भूमिपूजन किया।