स्थापना दिवस पर शाखा सुदृढ़ीकरण का लिया संकल्प

कोरबा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शारदा विहार स्थित राजगुरु प्रभात शाखा के तीन वर्ष पूरे होने पर स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने संकल्प दोहराया कि शाखा को सुदृढ़ करने के साथ-साथ दूसरे क्षेत्रों में विस्तार से संबंधित गतिविधियों को मजबूती दी जाएगी।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के द्वारा शारदा विहार दुर्गा पूजा पंडाल परिसर में आयोजित किए गए इस कार्यक्रम में संगठन के कार्यों के बारे में चर्चा हुई। पूर्व पार्षद डॉ. गोपाल कुर्रे मुख्य अतिथि, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद तिवारी विशिष्ट अतिथि और जिला कार्यवाहक कैलाश नाहक मुख्य वक्ता थे।

मुख्य वक्ता कैलाश नाहक ने कहा कि हिंदू जीवन पद्धति, संस्कृति और परंपरा से जुड़ी हुई विशेषताएं वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाने में सफल रही हैं। उन्होंने हिंदू होने के मायने भी बताएं और कहा कि इसे लैंड मार्क के रूप में स्थापित किया जाना जरूरी है।

कार्यक्रम में शहीद भगत सिंह उपनगर संघ चालक अमृतलाल बत्रा, उपनगर कार्यवाह नागेंद्र प्रताप सिंह सहित गणमान्यजन उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन शाखा कार्यवाह अनिल सोनी ने किया।