कलेक्टर ने महिला बाल विकास विभाग की बैठक लेकर विभागीय कार्यो की समीक्षा

आंगनबाड़ी में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया पारदर्शीता के साथ करें पूर्ण : कलेक्टर

कोरबा। कलेक्टर अजीत वसंत ने सभाकक्ष में महिला व बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक लेकर विभागीय योजनाओं की कार्य प्रगति की जानकारी ली।

उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में रिक्त पदों पर भर्ती, मध्यम एवं गंभीर कुपोषित बच्चों के लिए  पौष्टिक आहार वितरण, पोषण पुनर्वास केंद्र में बेड ऑक्यूपेंसी, सखी, बाल कल्याण समिति सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा कर प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।


कलेक्टर ने महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भोजन तैयार करने के लिए डीएमएफ से गैस सिलेंडर व रिफलिंग की व्यवस्था की गई है। आगामी दिनों में सभी केंद्रों में सिलेंडर उपलब्ध हो जाएगी। आगामी समय में सभी केंद्रों में गैस से ही भोजन तैयार करना सुनिश्चित करें।

परिवहन या किसी अन्य कारण से केंद्रों में जलवाने के लिए लकड़ी का उपयोग नही होना चाहिए, सभी अधिकारी इस बात का विशेष ध्यान रखें। इसी प्रकार कलेक्टर ने जिले में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत की जा रही गतिविधि, बाल विवाह के रोकथाम के सम्बंध में की गई कार्यवाही, सखी वन स्टॉप सेंटर, बाल कल्याण समिति, बाल गृह, बालिका गृह, खुला आश्रय गृह सहित अन्य विभागीग योजनाओं की जानकारी ली।

उन्होंने कार्यक्रम अधिकारी को समय समय पर इन संस्थाओं का निरीक्षण करने एवं नियमित निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती रेणू प्रकाश, सीडीपीओ सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।