चार्ली चौपाटी और मॉडर्न आर्ट फाउंटेन का लोकार्पण

43 लाख रुपये की लागत से विकसित दो सुविधाओं का शुभारंभ, चौपाटी से रोजगार और नागरिकों को मिलेगी बेहतर सुविधा

कोरबा।नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा शहर में नागरिक सुविधाओं और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने के लिए विकसित चार्ली चौपाटी एवं जलचक्र एसएस मॉडर्न आर्ट फाउंटेन का लोकार्पण उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिला प्रभारी मंत्री अरुण साव ने किया। दोनों विकास कार्यों पर लगभग 43 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।

नगर निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 17 में अटल परिसर के पीछे दर्री मुख्य मार्ग पर 27 लाख 55 हजार रुपये की लागत से वेंडिंग जोन चार्ली चौपाटी विकसित की गई है। वहीं सीएसईबी चौक पर 15 लाख 75 हजार रुपये की लागत से जलचक्र एसएस मॉडर्न आर्ट फाउंटेन स्थापित किया गया है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य तथा उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन की अध्यक्षता में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, क्षेत्रीय पार्षद रामकुमार साहू एवं लक्ष्मण श्रीवास सहित अन्य जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि चार्ली चौपाटी के संचालन से अनेक लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही आम नागरिकों को खानपान एवं मनोरंजन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि कोरबा की सड़कों का कायाकल्प किया जा रहा है तथा नगर निगम क्षेत्र में 1100 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं।

उन्होंने शहर के निरंतर विकास के लिए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत तथा नगर निगम के सभी जनप्रतिनिधियों की सराहना की। लोकार्पण के अवसर पर नागरिकों ने दोनों नवनिर्मित सुविधाओं का अवलोकन किया।