नई पीढ़ी तक वीर नायकों का इतिहास पहुंचाना हमारा दायित्व : अरुण साव

जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री, भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय वीर नायकों के योगदान को किया याद

कोरबा। जनजातीय समाज के वीर नायकों ने देश की स्वतंत्रता, सामाजिक सम्मान और अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए अतुलनीय योगदान दिया है। उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान का इतिहास नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सबका दायित्व है। यह बात उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़ा के अंतर्गत कोरबा में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में कही।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि तथा कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन अध्यक्षता कर रहे थे। कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, छत्तीसगढ़ राज्य हथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ के अध्यक्ष भोजराम देवांगन, सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि एवं समाज प्रमुख उपस्थित रहे। जनजातीय नर्तक दलों ने पारंपरिक नृत्य एवं ढोल-बाजे के साथ अतिथियों का स्वागत किया। आयोजन स्थल पर जनजातीय कला, संस्कृति और परंपराओं से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस भगवान बिरसा मुंडा सहित उन सभी जनजातीय वीर नायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया। भगवान बिरसा मुंडा को जनजातीय समाज धरती आबा के रूप में पूजता है। उन्होंने कम उम्र में ही अंग्रेजों की गुलामी, अत्याचार और जनजातीय समाज को भ्रमित करने के प्रयासों के खिलाफ संघर्ष शुरू किया। उनका साहस और समाज के प्रति समर्पण आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने गरीबों और समाज के हित में संघर्ष किया। अंग्रेजों ने उनके साथ अमानवीय व्यवहार कर लोगों को भयभीत करने का प्रयास किया, ताकि कोई उनके विरुद्ध आवाज न उठा सके। इसके बावजूद स्वतंत्रता और समाज के सम्मान के लिए संघर्ष जारी रहा। गुंडाधुर और गेंद सिंह नायक जैसे अनेक वीरों ने भी देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। इन सभी वीर नायकों के योगदान और बलिदान की जानकारी हर घर तक पहुंचनी चाहिए।

जनजातीय समाज की बढ़ती भागीदारी पर किया गौरव
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास वैभवशाली और गौरवशाली रहा है। जनजातीय परिवार में जन्मी द्रौपदी मुर्मू आज देश के राष्ट्रपति के रूप में सेवा कर रही हैं। ओडिशा के मुख्यमंत्री भी जनजातीय समाज से हैं।

यह समाज की बढ़ती भागीदारी और नेतृत्व क्षमता का उदाहरण है। उन्होंने केंद्र सरकार की जनजातीय कल्याणकारी योजनाओं तथा छत्तीसगढ़ में विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।

कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जा रही है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने बताया कि कोरबा के आरएसएस नगर क्षेत्र में एक चौराहे का नाम भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर रखा गया है।

कार्यक्रम में शहीद परिवारों के सदस्यों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रभारी कलेक्टर प्रतीक जैन, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, जनपद अध्यक्ष अशोकाबाई, जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, समाज प्रमुख एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।