राज्यपाल रमेन डेका ने किया ‘सेवा-ज्योति’ पत्रिका का विमोचन

कोरबा। भारतीय रेडक्रास सोसायटी छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के रजत जयंती (सिल्वर जुबली) वर्ष के अवसर पर जिला शाखा कोरबा द्वारा प्रकाशित ‘सेवा-ज्योति’ पत्रिका का विमोचन महामहिम राज्यपाल श्री रमेन डेका ने बिलासपुर में किया। पत्रिका में रेडक्रास सोसायटी कोरबा द्वारा पिछले तीन वर्षों में किए गए सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यों के साथ संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों की उपलब्धियों को संकलित किया गया है।

‘सेवा-ज्योति’ में जिला शाखा द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक, मानवीय एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का विस्तृत विवरण प्रकाशित किया गया है। इसके अलावा संस्था के संरक्षक, सह-संरक्षक एवं आजीवन सदस्यों का परिचय और विवरण भी शामिल किया गया है। पत्रिका के माध्यम से संस्था की सेवा गतिविधियों और मानवता के प्रति समर्पण को सामने लाने का प्रयास किया गया है।

विमोचन समारोह में भारतीय रेडक्रास सोसायटी जिला शाखा कोरबा के चेयरमेन रामसिंह अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद तिवारी, कोषाध्यक्ष राजेश बगड़िया एवं जिला प्रतिनिधि योगेश जैन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने पत्रिका के प्रकाशन की सराहना की। उन्होंने कहा कि रजत जयंती वर्ष में इस तरह का प्रकाशन सराहनीय पहल है। पत्रिका के माध्यम से कोरबा जिले में रेडक्रास सोसायटी द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों और मानवता के प्रति समर्पण को प्रदर्शित किया गया है। ऐसे प्रयास समाज में सेवा भावना और मानवीय मूल्यों के प्रति सकारात्मक प्रेरणा प्रदान करते हैं।