मां मड़वारानी की धरा पर कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन का दीपावली मिलन, वन संचार कार्यक्रम संपन्न

कोरबा। भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को मां मड़वारानी की पावन धरा पर छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन जिला कोरबा का भव्य दीपावली मिलन एवं वन संचार कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के सैकड़ों अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। आयोजन के माध्यम से संगठनात्मक एकजुटता, आपसी भाईचारे और पारिवारिक सौहार्द का संदेश दिया गया।

फेडरेशन के जिला संयोजक तरुण सिंह राठौर एवं उप संयोजक विपिन यादव के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी, फेडरेशन की कोर कमेटी के सदस्य तथा जिलेभर से पहुंचे अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों के बीच आपसी समन्वय और विश्वास को मजबूत करने के साथ संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करना रहा।

इस दौरान संगठन की आगामी कार्ययोजनाओं, कर्मचारी-अधिकारी हितों से जुड़े मुद्दों, संगठनात्मक गतिविधियों और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव भी रखे।

अपने उद्बोधन में जिला संयोजक तरुण सिंह राठौर एवं उप संयोजक विपिन यादव ने कहा कि कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन केवल मांगों और अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाला संगठन नहीं, बल्कि आपसी एकता, विश्वास, सहयोग और पारिवारिक भावना को मजबूत करने वाला साझा मंच भी है। संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता और प्रत्येक सदस्य की सक्रिय सहभागिता है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारी-कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी कोरबा जितेंद्र साहू ने नवनियुक्त जिला संयोजक तरुण सिंह राठौर एवं उप संयोजक विपिन यादव को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। वहीं फेडरेशन की ओर से मुख्य अतिथि शंकर साव, पूर्व संयोजक जे.पी. खरे एवं श्रीकांत सिंह को शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

आयोजन को सफल बनाने में सेवन राठौर, छोटेलाल पटेल, आर.डी. श्रीवास, सहदेव पैकरा, अशोक नायक, सुमिरन सिंह पैकरा एवं पीयूष निर्मलकर सहित अनेक साथियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इन सभी ने अतिथियों के स्वागत, भोजन व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाई।

इस अवसर पर ओम प्रकाश बघेल, सर्वेश सोनी, जयकुमार राठौर, विनय शुक्ला, मुकुंद केशव उपाध्याय, विनोद सांडे, बाल गोविंद श्रीवास, अजय जायसवाल, विजय जगत, उत्तरा साहू, चंद्रिका पांडे, अनिल रात्रे, नित्यानंद यादव, चंद्रशेखर नागरची, वेद शर्मा, तारकेश मिश्रा, प्रवीण कुमार गुप्ता, ओम प्रकाश तेलासी, रामकुमार कुर्रे, कीर्ति लहरे, संतोष कर्ष, कमल श्रीवास, अरविंद पाटले, विनोद साहू, चंद्रप्रकाश चंद्रा, नीतीश तिवारी, अभियान पैकरा, के.आर. बंजारा, श्रीकांत सिंह एवं सुरेश चौहान सहित फेडरेशन के अनेक पदाधिकारी, विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि तथा सैकड़ों अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।