बालको की गौरवशाली विकास यात्रा से रूबरू हुए कंपनी के सेवानिवृत्त कर्मचारी

बालकोनगर। वर्षों तक जिस संस्थान में सेवाएं दीं, जहां करियर के महत्वपूर्ण पड़ाव तय किए और सहकर्मियों के साथ जीवन के यादगार पल बिताए, उसी कार्यस्थल पर दोबारा लौटना सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए भावुक और यादगार अनुभव बन गया। कोलकाता, पुणे, हैदराबाद सहित देश के विभिन्न शहरों से पहुंचे बालको के पूर्व कर्मचारियों ने भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) संयंत्र का भ्रमण कर कंपनी की गौरवशाली विकास यात्रा और बदलते स्वरूप को करीब से देखा। आधुनिक तकनीक, विस्तारित उत्पादन क्षमता और उन्नत सुरक्षा व्यवस्थाओं ने उन्हें खासा प्रभावित किया।

वेदांता एल्यूमिनियम मेटल लिमिटेड की कंपनी बालको ने अपने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान और उनके साथ आत्मीय संबंध बनाए रखने की परंपरा के तहत इस विशेष संयंत्र भ्रमण का आयोजन किया। वर्षों बाद पुराने कार्यस्थल पर पहुंचे पूर्व कर्मचारियों ने उन स्थानों का अवलोकन किया, जहां उन्होंने अपने सेवाकाल के महत्वपूर्ण वर्ष बिताए और कंपनी की प्रगति में योगदान दिया था।

आधुनिक तकनीक और सुरक्षा व्यवस्था देखकर हुए प्रभावित

संयंत्र भ्रमण के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने स्मेल्टर, कास्ट हाउस और पावर प्लांट सहित प्रमुख इकाइयों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें संयंत्र में हुए तकनीकी बदलावों, आधुनिक मशीनरी, उन्नत सुरक्षा प्रणालियों, डिजिटलीकरण और उत्पादन क्षमता में हुई वृद्धि की जानकारी दी गई। एआई आधारित सुरक्षा तकनीकों और आधुनिक कार्यप्रणालियों को देखकर पूर्व कर्मचारियों ने प्रसन्नता जताई। कंपनी के प्रतिनिधियों ने उन्हें वर्तमान उपलब्धियों, विस्तार योजनाओं और भविष्य की विकास यात्रा से भी अवगत कराया।

एक लाख टन से 10 लाख टन के लक्ष्य तक पहुंचने की यात्रा

सेवानिवृत्त कर्मचारी वी.के. धर ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे मानव संसाधन विभाग में कार्यरत थे। उस समय बालको का उत्पादन लगभग एक लाख टन था, जबकि आज कंपनी 10 लाख टन उत्पादन के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में चेयरमैन अनिल अग्रवाल द्वारा कर्मचारियों के लिए घोषित 10 प्रतिशत ग्रांट से कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। उन्होंने संयंत्र की सुरक्षा व्यवस्था में आए सुधारों की भी सराहना की।

सेवानिवृत्त कर्मचारी देवेंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने वर्ष 1977 में बालको में अपनी सेवा शुरू की थी। कंपनी की विकास यात्रा के साथ कर्मचारियों को भी आगे बढ़ने और नए अवसरों पर काम करने का मौका मिला। विशेष रूप से रोलिंग मिल में नवाचार और नई कार्यप्रणालियों को सीखने के अवसर मिले। उन्होंने कहा कि आज संयंत्र पहले की तुलना में अधिक सुंदर और सुव्यवस्थित हो गया है। सुरक्षा एवं गुणवत्ता के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय बदलाव देखने को मिला है।

इसी तरह सेवानिवृत्त कर्मचारी शरद गहरना ने कहा कि वर्ष 1977 में जब बालको अपने शुरुआती दौर में था, तब उन्होंने यहां काम करना शुरू किया था। आज कंपनी ने उनकी कल्पना से कहीं अधिक विकास किया है। कर्मचारियों के समर्पण और मेहनत को देखकर विश्वास होता है कि बालको आगे भी नई ऊंचाइयां हासिल करेगा। उन्होंने संयंत्र में पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों और चारों ओर दिखाई दे रही हरियाली की सराहना की। साथ ही भविष्य में भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए ऐसे भ्रमण कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा जताई।

पुरानी यादों के साथ वर्तमान उपलब्धियों पर जताया गर्व

सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने कहा कि बालको उनके लिए केवल एक कार्यस्थल नहीं, बल्कि जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। पुराने कार्यस्थलों को देखकर उन्हें अपने सहकर्मियों, टीम के साथ बिताए समय और सेवाकाल के अनुभवों की यादें ताजा हो गईं। वहीं आधुनिक संयंत्र, नई तकनीक और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था को देखकर उन्हें अपने संस्थान की प्रगति पर गर्व महसूस हुआ। उन्होंने प्रबंधन की इस पहल को पूर्व कर्मचारियों के साथ भावनात्मक जुड़ाव बनाए रखने की अच्छी पहल बताया।

यह आयोजन अतीत की सुनहरी यादों और वर्तमान की उपलब्धियों के बीच एक खूबसूरत सेतु साबित हुआ। बालको प्रबंधन के अनुसार कंपनी अपने वर्तमान और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ मजबूत एवं आत्मीय संबंध बनाए रखने में विश्वास करती है। ऐसे आयोजन कंपनी की समृद्ध विरासत को सम्मान देने के साथ विभिन्न पीढ़ियों के बीच अनुभव, ज्ञान और प्रेरणा के आदान-प्रदान को भी बढ़ावा देते हैं।