कोरबा में सजेगी अखिल भारतीय कवि सम्मेलन की महफिल, देशभर के नामचीन कवि बांधेंगे समां

कोरबा। हंसी के ठहाके, व्यंग्य की धार, गीतों की मिठास और श्रृंगार रस की खूबसूरत अभिव्यक्ति… साहित्य और मनोरंजन के इन विविध रंगों से सजी काव्य संध्या का आनंद लेने का अवसर कोरबा के साहित्यप्रेमियों को मिलने जा रहा है। 18 नवंबर, बुधवार को निहारिका स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन एयर ऑडिटोरियम (घंटाघर) में अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन-2026 का आयोजन किया जाएगा। शाम 7 बजे से शुरू होने वाली इस काव्य महफिल में देश के विभिन्न हिस्सों से आए ख्यातिप्राप्त कवि एवं कवयित्रियां अपनी रचनाओं से श्रोताओं को गुदगुदाने के साथ भावनाओं से जोड़ेंगे।

कैबिनेट मंत्री करेंगे शुभारंभ
‘कविता… जो दिल से दिल तक पहुंचे’ थीम पर आयोजित इस कवि सम्मेलन का शुभारंभ प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर संजू देवी राजपूत करेंगी। विशिष्ट अतिथियों में नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर के पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र पांडेय, पार्षद एवं एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, मां सर्वमंगला मंदिर के प्रबंधक एवं पुजारी पं. नमन पांडेय, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह तथा नरेंद्र मोदी विचार मंच के जिलाध्यक्ष सोनू पांडेय शामिल रहेंगे।

देशभर के कवि बिखेरेंगे काव्य के रंग
कवि सम्मेलन में प्रयागराज के अखिलेश द्विवेदी अपनी हास्य कविताओं से श्रोताओं को हंसाएंगे। रायपुर के प्रसिद्ध गीतकार मीर अली मीर अपनी गीतात्मक प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। पश्चिम बंगाल से पवन बांके बिहारी हास्य काव्य की प्रस्तुति देंगे, जबकि कटनी की प्रियंका मिश्रा अपनी श्रृंगार रस की कविताओं से काव्य संध्या को विशेष बनाएंगी।
इसके अलावा कोरबा के हिरामणी वैष्णव, बिलाईगढ़ के शशि भूषण स्नेही और बरमकेला के कमलेश यादव ‘धाकड़’ अपनी हास्य रचनाओं से ठहाकों की फुहार छोड़ेंगे।

अलग-अलग काव्य विधाओं के इन रचनाकारों की मौजूदगी से कार्यक्रम में हास्य, व्यंग्य, प्रेम, संवेदना और जीवन के विविध अनुभवों की अभिव्यक्ति देखने-सुनने को मिलेगी।

आयोजकों के अनुसार 18 नवंबर को शाम 7 बजे से घंटाघर ओपन ऑडिटोरियम, निहारिका, कोरबा में कवि सम्मेलन प्रारंभ होगा। कविता के विभिन्न रंगों से सजी इस महफिल में शहरवासियों और साहित्यप्रेमियों को देश के चर्चित रचनाकारों को सुनने का अवसर मिलेगा। आयोजन को लेकर साहित्यप्रेमियों में उत्साह का माहौल है।