गोपाष्टमी पर गौवंश की पूजा-अर्चना
कोरबा।गोपाष्टमी के पावन पर्व पर ग्राम कनबेरी स्थित श्री अग्रसेन गौधाम में श्रद्धा और उत्साह के साथ गौपूजन एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने गौसेवा को पुण्य कार्य बताते हुए कहा कि अग्रसेन गौधाम किसी तीर्थस्थल से कम नहीं है। उन्होंने गौधाम में गौवंश के संरक्षण एवं सेवा में जुटे सेवाभावी लोगों के समर्पण की सराहना की और उन्हें सम्मानित किया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गोपाष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गौमाता का विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। मान्यता है कि गौमाता में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है। ऐसे पवित्र स्थल पर बड़ी संख्या में गौवंश की सेवा और संरक्षण होना सभी के लिए सौभाग्य की बात है।

गौमाता हमारे जीवन का अभिन्न अंग हैं। दूध, गोमूत्र और गोबर मानव जीवन तथा प्रकृति के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। गौसंरक्षण हमारी सांस्कृतिक परंपरा के साथ सामाजिक दायित्व भी है। गौसेवा से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, इसलिए सभी को गौमाता की सेवा, सुरक्षा और संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने श्री अग्रसेन गौधाम में शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं गौधाम के गौरव पथ निर्माण के लिए 50 लाख रुपये की राशि की स्वीकृति भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में गौवंश की पूजा-अर्चना कर उन्हें गुड़, चना सहित विभिन्न व्यंजनों का भोग लगाया गया। इसके बाद आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
अग्रसेन गौधाम के विकास और गौवंश की सेवा में सर्वसमाज के लोग लगातार योगदान दे रहे हैं। गोपाष्टमी के अवसर पर भी अनेक लोगों ने धनराशि एवं संसाधन उपलब्ध कराने की घोषणाएं कीं। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गौधाम के प्रति समर्पित सेवाभावी लोगों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन लोगों के सेवा कार्य समाज के अन्य वर्गों को भी प्रेरित करेंगे और विभिन्न क्षेत्रों में जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त करेंगे।
कार्यक्रम में उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, गोपाल मोदी, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, गौशाला संचालन समिति के सुनील जैन टोनी, जयंत अग्रवाल, योगेश जैन, राधेश्याम अग्रवाल, मनोज केडिया, राजेश अग्रवाल सहित श्री अग्रसेन गौधाम के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
