हरियाणा जलेबी एंड स्वीट्स (छप्पन भोग) से खोवा जलेबी व रबड़ी जलेबी के नमूने लिए, सुनील स्वीट्स में गंदगी मिलने पर दुकान बंद कराई
कोरबा।दीपावली सहित त्योहारों के दौरान मिठाइयों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर खाद्य विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। शिकायत के आधार पर खाद्य विभाग की टीम ने कोरबा एवं रजगामार स्थित दो मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान एक दुकान से मिठाइयों के नमूने लिए गए, जबकि दूसरी दुकान में अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों और खराब मिठाइयों के मिलने पर कार्रवाई की गई।
कोरबा के पावर हाउस रोड स्थित हरियाणा जलेबी एंड स्वीट्स (छप्पन भोग) का खाद्य विभाग की टीम ने निरीक्षण किया। मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर खोवा जलेबी और रबड़ी जलेबी के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। इनकी गुणवत्ता की पुष्टि प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी।
वहीं रजगामार स्थित सुनील स्वीट्स के निरीक्षण में अस्वास्थ्यकर परिस्थितियां एवं खराब हो चुकी मिठाइयां पाई गईं। खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर लगभग 70 से 75 किलो खराब मिठाई नष्ट कराई। साथ ही साफ-सफाई एवं आवश्यक सुधार सुनिश्चित होने तक दुकान बंद करा दी गई।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट एवं निरीक्षण में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
