गढ़कलेवा के छत्तीसगढ़ी व्यंजनों ने मेले में बिखेरी स्वाद और खुशबू

कोरबा।पीएम स्वनिधि महोत्सव एवं मड़ई मेले में कटघोरा के गढ़कलेवा स्टॉल ने छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों की खुशबू और स्वाद से लोगों को आकर्षित किया। श्रेया महिला स्व सहायता समूह द्वारा संचालित स्टॉल पर छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लेने मेले में पहुंचे लोगों की भीड़ उमड़ी। यहां चीला, फरा, ठेठरी, खुरमी, बरा सहित विभिन्न स्थानीय व्यंजन परोसे गए, जिनका लोगों ने खूब आनंद लिया।

समूह की अध्यक्ष नीलम सोनी के नेतृत्व में बबीता डिक्सेना, प्रेमा यादव, राजमती यादव, दुर्गा एवं ईश्वरी श्रीवास ने स्टॉल का संचालन किया। महिलाओं ने पारंपरिक व्यंजनों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की खानपान संस्कृति और स्थानीय स्वाद को मेले में पहुंचे लोगों तक पहुंचाया।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी गढ़कलेवा स्टॉल का अवलोकन किया और पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखा। उन्होंने समूह की महिलाओं द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि श्रेया समूह की महिलाएं जिस तरह गढ़कलेवा का संचालन कर रही हैं, वह अन्य महिला स्व सहायता समूहों के लिए प्रेरणादायक है।

उप मुख्यमंत्री ने समूह की महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। मेले में गढ़कलेवा स्टॉल पारंपरिक खानपान के साथ महिला स्वावलंबन एवं स्वरोजगार का भी आकर्षण बना रहा।