कोरबा।शहर में आपराधिक गतिविधियों और गुंडागर्दी पर अंकुश लगाने पुलिस ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। मानिकपुर पुलिस ने अमरैयापारा में धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले आदतन अपराधी पंकज शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से करीब 13 इंच लंबा धारदार हथियार बरामद किया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का नेताजी चौक से न्यायालय तक जुलूस भी निकाला।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र अंतर्गत का है। पुलिस के मुताबिक अमरैयापारा निवासी 31 वर्षीय पंकज शर्मा धारदार हथियार लेकर लोगों को भयभीत कर रहा था। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा और उसके कब्जे से हथियार जब्त किया।
आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जिला बदर का मामला भी लंबित
पंकज शर्मा के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई से संबंधित मामला न्यायालय में लंबित बताया जा रहा है। इससे पहले उसे शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाउंड ओवर किया गया था। लेकिन शर्तों का उल्लंघन किए जाने पर बॉन्ड राशि जब्त करने के लिए भी पुलिस ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया है।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
