फर्जी नौकरी का झांसा देकर युवती को म्यांमार में बनाया बंधक, साइबर ठगी कराने वाली महिला गिरफ्तार

बैंकॉक में 30 हजार थाई भाट वेतन का दिया था लालच,म्यांमार के ‘केके पार्क’ में पासपोर्ट जब्त कर ऑनलाइन ठगी कराने का आरोप

कोरबा। विदेश में आकर्षक नौकरी और बेहतर वेतन का सपना दिखाकर कोरबा की एक युवती को साइबर ठगों के जाल में फंसाने का मामला सामने आया है। बैंकॉक में ऑफिस असिस्टेंट की नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवती को पहले थाईलैंड और फिर सीमा पार कराकर म्यांमार के ‘केके पार्क’ पहुंचाया गया। वहां कथित तौर पर उसका पासपोर्ट जब्त कर उसे बंधक बना लिया गया और ऑनलाइन ट्रेडिंग व निवेश के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करने के लिए मजबूर किया गया। भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन की मदद से युवती को सुरक्षित भारत वापस लाया गया। मामले में दर्री पुलिस ने महाराष्ट्र के गोंदिया से एक महिला को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, दर्री निवासी पीड़िता ने फेसबुक पर बैंकॉक में ऑफिस असिस्टेंट की नौकरी का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में प्रतिमाह करीब 30 हजार थाई भाट वेतन देने का उल्लेख था। युवती ने दिए गए संपर्क के माध्यम से नौकरी के लिए बातचीत की। आरोप है कि इसके बाद उसे बेंगलुरु बुलाया गया और वहां से विमान के जरिए थाईलैंड ले जाया गया। फिर सीमा पार कराकर म्यांमार के ‘केके पार्क’ पहुंचा दिया गया।

पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, वहां पहुंचने के बाद उसका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया और उसे बंधक बनाकर प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोपियों ने उस पर फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर लोगों को ठगने का दबाव बनाया। लंबे समय तक परेशानी झेलने के बाद युवती ने किसी तरह भारतीय दूतावास से संपर्क कर शिकायत की। इसके बाद भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से उसे मुक्त कराकर सुरक्षित भारत लाया गया।

गोंदिया से महिला आरोपी गिरफ्तार

भारत लौटने के बाद पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना दर्री में अपराध क्रमांक 331/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 143(2) और 146 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान कथित संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने स्नेहा भथलाल बडोले (35), निवासी जिला गोंदिया, महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड प्राप्त की गई है।

पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका के साथ गिरोह के डिजिटल और वित्तीय नेटवर्क की भी जांच कर रही है। कोरबा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर विदेश में नौकरी के आकर्षक प्रस्तावों की पूरी जांच किए बिना उन पर भरोसा न करें। ऑनलाइन ठगी और फर्जी भर्ती के झांसे से सतर्क रहें तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें।