दर्री-जमनीपाली में राखड़ डंप हटाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग; समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
कोरबा। दर्री-जमनीपाली क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर स्थानीय युवाओं ने छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड (CSPGCL) के एचटीपीएस कोरबा पश्चिम स्थित कार्यालय में कार्यपालक निदेशक (ED) को ज्ञापन सौंपा। युवाओं ने क्षेत्र में फ्लाई ऐश डंपिंग से जुड़ी समस्याओं, वायु प्रदूषण, लगातार हो रही चोरियों और पर्यावरण पर पड़ने वाले संभावित दुष्प्रभावों को उठाते हुए प्रबंधन से ठोस कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि एचटीपीएस प्लांट और टाउनशिप क्षेत्र में चोरी की घटनाओं के साथ फ्लाई ऐश डंपिंग भी चिंता का विषय है। गर्मी के मौसम में राखड़ उड़ने से वायु प्रदूषण की आशंका बढ़ती है। इससे आसपास के जलस्रोतों और कृषि भूमि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की चिंता जताई गई है।
आवासीय क्षेत्र के बीच से राखड़ डंप हटाने की मांग
युवाओं ने ग्राम नवागांव और मड़वामहुआ बस्ती के निकट स्थित राखड़ डंपिंग स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने, रिटेनिंग वॉल और तटबंध बनाने तथा उचित जल निकासी सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने टाउनशिप के मध्य स्थित राखड़ डंप को हटाने या आवासीय क्षेत्र से सुरक्षित दूरी पर व्यवस्थित करने का आग्रह भी किया।
ज्ञापन में प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कराने और संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग रखी गई। इसके साथ ही राखड़ बांध के आसपास वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण के प्रभावी उपाय तथा पुराने आवासीय क्वार्टरों के ध्वस्तीकरण से जुड़े मामलों की जांच कराने की बात कही गई।
CSR राशि के पारदर्शी उपयोग पर जोर
स्थानीय युवाओं ने निर्माण कार्यों में नियमानुसार क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि CSPGCL की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) निधि का उपयोग स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, पर्यावरण संरक्षण और अन्य सामुदायिक सुविधाओं के विकास में पारदर्शी तरीके से किया जाना चाहिए।
युवाओं ने चेतावनी दी कि समस्याओं का शीघ्र और उचित निराकरण नहीं होने पर वे जनहित में चरणबद्ध एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि ज्ञापन का उद्देश्य क्षेत्र की समस्याओं को कंपनी प्रबंधन तक पहुंचाना और जनस्वास्थ्य, पर्यावरण तथा स्थानीय निवासियों के हित में ठोस कार्रवाई सुनिश्चित कराना है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान दिव्यांश अग्निहोत्री, योगेश जायसवाल, पुष्पेंद्र भारिया, किशोर साहू, विजय साहिस, भुवनेश्वर दुबे, नीरज यादव, मोनेश टंडन सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
