चक्रवात के असर से 28-29 अक्टूबर को आंधी-वर्षा की आशंका, कलेक्टर ने दिए अलर्ट रहने के निर्देश

समय-सीमा बैठक में आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा, धान खरीदी से लेकर आधार पंजीयन और आदिवासी विद्यार्थियों के प्रशिक्षण पर भी जोर

कोरबा।चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से कोरबा जिले में 28 और 29 अक्टूबर को वर्षा के साथ तेज आंधी आने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने समय-सीमा की समीक्षा बैठक में नगर निगम, प्रशासन, आपदा प्रबंधन, सीएसईबी और लोक निर्माण विभाग को संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि समय रहते जरूरी व्यवस्थाएं होने से आपात स्थिति में नुकसान कम करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में संभावित आंधी-वर्षा के मद्देनजर संबंधित विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं तैयार रखने तथा परिस्थितियों के अनुरूप त्वरित कार्रवाई के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।

आधार पंजीयन से वंचित परिवारों पर विशेष ध्यान
कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में आधार पंजीयन से वंचित परिवारों की पहचान के लिए सर्वे करानेऔर पंजीयन शिविरों की योजना बनाने को कहा। गांव-गांव मुनादी कराकर लोगों को शिविरों की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) के परिवारों का कोई भी सदस्य आधार पंजीयन से वंचित न रहे, ताकि उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सके।

आदिवासी विद्यार्थियों के प्रशिक्षण और कृषि योजनाओं पर जोर

कलेक्टर ने सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग को खनन प्रभावित परिवारों के विद्यार्थियों को नर्सिंग कॉलेज में प्रवेश दिलाने की प्रक्रिया पर काम करने के निर्देश दिए। साथ ही पीवीटीजी परिवारों के कम से कम दस बच्चों को नर्सिंग प्रशिक्षण दिलाने के लिए आवश्यक तैयारी करने को कहा।

प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना और एपीसी बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन के लिए कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य विभाग को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए गए। जनजातीय गौरव दिवस तथा किसान सम्मान निधि से संबंधित कार्यक्रमों के आयोजन और इनमें अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

धान खरीदी की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश
बैठक में आगामी धान खरीदी की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को जरूरी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि खरीदी प्रक्रिया के दौरान किसानों को परेशानी न हो।

बैठक में नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल एवं ओंकार यादव, कटघोरा एसडीएम विपिन दुबे, सीएसईबी के अधीक्षण सोनकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।