कोरबा। मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल करने और मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कोरबा जिले में विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 27 अक्टूबर को पताड़ी स्थित अडानी पावर लिमिटेड संयंत्र के कम्युनिटी हॉल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में श्रमिकों और संयंत्र के अधिकारी-कर्मचारियों को मताधिकार के महत्व की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की गई।
भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के निर्देश पर कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिले में 5 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने उपस्थित लोगों को मतदान के महत्व और मतदाता सूची में नाम दर्ज होने की आवश्यकता के बारे में बताया।
पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं पर विशेष ध्यान
अभियान के तहत ऐसे पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़े जा रहे हैं, जिनका नाम अब तक दर्ज नहीं है या किसी कारणवश सूची से हट गया है। पहली बार मतदाता बनने के पात्र युवाओं से भी पंजीकरण कराने की अपील की गई। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नए पात्र मतदाता फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
मतदाता सूची के निरंतर अद्यतीकरण के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर पात्र नागरिकों की पहचान और पंजीकरण की प्रक्रिया में सहयोग कर रहे हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपना नाम मतदाता सूची में जांचने और नाम दर्ज नहीं होने पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करने का आग्रह किया।
संयंत्र के अधिकारियों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम का संचालन अडानी फाउंडेशन के सीएसआर प्रमुख ताजेंद्र कुमार बंजारे ने किया। इस अवसर पर अडानी पावर लिमिटेड के ओएंडएम प्रमुख मूला रवि, ऑपरेशनल हेड एम.एस. विश्वकर्मा, एमटीपी हेड बृजेश द्विवेदी, आशीष अनसिंगकर, सीएंडआई हेड प्रवीण चंदवादकर, ओएंडएम से अंशुल गौरहा सहित संयंत्र के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















