आश्विन पूर्णिमा पर हसदेव महाआरती, नदी संरक्षण का लिया संकल्प

कोरबा। आश्विन पूर्णिमा के अवसर पर नमामि हसदेव सेवा समिति ने सर्वमंगला घाट पर हसदेव नदी की महाआरती का आयोजन किया। इस दौरान नदी के संरक्षण और संवर्धन पर जोर देते हुए उपस्थित श्रद्धालुओं ने हसदेव को स्वच्छ रखने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सहभागी बनने का संकल्प लिया।

समिति की ओर से 26 अक्टूबर को शाम 5 बजे मां सर्वमंगला घाट पर आयोजित आरती में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में नूतन सिंह ठाकुर, कोरबा मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए। वहीं भानुमती जायसवाल, सुनील यादव, डॉ. संजय वैष्णव और मथुरा चन्द्रा ने विशिष्ट यजमान के रूप में सहभागिता की।

आस्था के साथ नदी संरक्षण का संदेश
नमामि हसदेव सेवा समिति की इस पहल का उद्देश्य धार्मिक आयोजनों के माध्यम से लोगों को नदी के प्रति उनकी जिम्मेदारी का अहसास कराना और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करना है। पूर्णिमा पर आयोजित महाआरती के जरिए श्रद्धालुओं को हसदेव नदी की स्वच्छता बनाए रखने, उसके संरक्षण और संवर्धन में योगदान देने का संदेश दिया गया।

समिति की पहल में नदी संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर दिया गया। उपस्थित लोगों ने भी इस दिशा में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।