एसआईआर पर भ्रम दूर करने सड़क पर उतरेगी भाजपा, 30 अक्टूबर को निकालेगी पदयात्रा

कोरबा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर राजनीतिक बहस के बीच भाजपा ने कोरबा में जनजागरण अभियान चलाने की रणनीति बनाई है। पार्टी का कहना है कि एसआईआर के संबंध में फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करने और लोगों तक प्रक्रिया की जानकारी पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता सड़क पर उतरेंगे।

इसी कड़ी में 30 अक्टूबर को शाम 4 बजे कोसाबाड़ी हनुमान मंदिर से घंटाघर चौक तक पदयात्रा निकाली जाएगी। इसके अलावा सामाजिक, बौद्धिक और युवा वर्ग के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय भवन में भाजपा की संगठनात्मक बैठक जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में एसआईआर को लेकर जनजागरूकता अभियान की रूपरेखा तय की गई।

गोपाल मोदी ने कहा कि पार्टी व्यापक जनजागरण के माध्यम से लोगों के बीच सही जानकारी पहुंचाएगी। उन्होंने एसआईआर को नई प्रक्रिया मानने की धारणा को गलत बताते हुए कहा कि देश में पहले भी सात बार यह प्रक्रिया हो चुकी है।

संवाद और सोशल मीडिया से भी चलेगा अभियान
बैठक में तय किया गया कि पदयात्रा के साथ सामाजिक बुद्धिजीवियों, युवाओं, विद्यार्थियों और प्रमुख नागरिकों से संवाद किया जाएगा। सोशल मीडिया, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं और लेखन जैसे माध्यमों के जरिए भी एसआईआर के प्रति जागरूकता बढ़ाने की योजना है।

जिला सह प्रभारी बृजेंद्र शुक्ला ने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘नर सेवा, नारायण सेवा’ है। उन्होंने विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं के प्रति भ्रम फैलाने और अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाया।

कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि एसआईआर को लेकर विपक्षी दलों और इंडिया गठबंधन की ओर से लगाए जा रहे आरोपों के बीच जनता तक सही जानकारी पहुंचाना जरूरी है।

महापौर संजू देवी राजपूत ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही नेता और कार्यकर्ताओं की ताकत है।

बैठक में प्रदेश मंत्री ऋतु चौरसिया, सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, जिला सह प्रभारी बृजेंद्र शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष पवन गर्ग और मनोज शर्मा, जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा दीपका नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, पाली नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल, बांकीमोंगरा नगर पालिका अध्यक्ष सोनी झा, जनपद पंचायत करतला अध्यक्ष अशोका बाई कंवर, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह एवं रुक्मणी नायर, योगेश जैन, लक्की नंदा, अजय कंवर, कमला बरेठ, कमला किंडो, विवेक मार्कंडेय, अजय दुबे, नवीन अरोरा और संतोषी दीवान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।