कोरबा। जिले में मोटरसाइकिल चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए उरगा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चार चोरी की मोटरसाइकिलें तथा एक बाइक का साइलेंसर बरामद किया है।
बरामद मोटरसाइकिलों में दो कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र और दो सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई थीं। एक मामले में चोरों ने ग्राम तुमान स्थित हीरो होंडा एजेंसी की छत का टीन और पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर नई मोटरसाइकिल व 15 बैटरियां चोरी की थीं, जबकि दूसरे मामले में भैसमा बाजार से बाइक चोरी की गई थी।
शोरूम की छत तोड़कर नई बाइक और 15 बैटरियां चोरी
उरगा थाना में अपराध क्रमांक 581/2026 के तहत दर्ज मामले में ग्राम सिलियारी भाठा निवासी जितेन्द्र कुमार टंडन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 अक्टूबर 2026 की शाम ग्राम तुमान स्थित शांति हीरो होंडा एजेंसी बंद कर घर जाने के बाद अज्ञात चोरों ने दुकान को निशाना बनाया। चोर छत का टीन और पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर बिना नंबर की नई एचएफ डीलक्स प्रो मोटरसाइकिल तथा एक्साइड कंपनी की 15 बैटरियां ले गए थे।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने बरपाली के भट्ठी रोड पर घेराबंदी कर शुभम कुमार कंवर और विनय कुमार कंवर को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने शोरूम से मोटरसाइकिल और बैटरियां चोरी करने की बात स्वीकार की। उन्होंने बाइक का साइलेंसर निकालकर घर में छिपा दिया था। बैटरियों को पकड़े जाने के डर से हसदेव नदी के गहरे पानी में फेंकने की जानकारी भी दी। पुलिस ने मोटरसाइकिल और उसका साइलेंसर बरामद कर जब्त किया।
इसी मामले में पूछताछ के दौरान सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल का भी पता चला, जिसे पुलिस ने बरामद किया।
भैसमा बाजार से बाइक चोरी, दो मोटरसाइकिलें बरामद
दूसरा मामला उरगा थाना में अपराध क्रमांक 596/2026 के तहत दर्ज है। शिकायत के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे एक व्यक्ति ने अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 AT 9778 भैसमा चौक के पास सड़क किनारे खड़ी की थी। करीब एक घंटे बाद लौटने पर बाइक गायब मिली।
विवेचना के दौरान सागौन बाड़ी, भैसमा के पास दो संदेहियों के चोरी की मोटरसाइकिल लेकर जाने की सूचना मिली।
पुलिस ने घेराबंदी कर महेन्द्र चौहान और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में महेन्द्र चौहान ने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर भैसमा बाजार से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया।
आगे की पूछताछ में नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल के संबंध में भी जानकारी मिली। पुलिस ने भैसमा से चोरी गई स्प्लेंडर सहित नगरदा क्षेत्र से चोरी की गई एक और मोटरसाइकिल बरामद की।
तीन आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश
पुलिस के अनुसार, पहले मामले में शुभम कुमार कंवर, पिता जय नंदन कंवर, उम्र 18 वर्ष, निवासी ठरकपुर पुरैना, थाना उरगा तथा विनय कुमार कंवर, पिता नेहरू सिंह कंवर, उम्र 19 वर्ष, निवासी पुराना रिस्दा, बालको, स्थायी पता पचपेड़ी, थाना उरगा को गिरफ्तार किया गया है।
दूसरे मामले में महेन्द्र चौहान, पिता अजय चौहान, उम्र 18 वर्ष 4 माह, निवासी नगरदा, जिला सक्ती को गिरफ्तार किया गया है। उसके साथ संलिप्त एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को 27 अक्टूबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















