कोरबा। पोंड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के खोडरी स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में पदस्थ शिक्षक ज्योति भूषण सिंह कंवर को निलंबित कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी, कोरबा के प्रस्ताव पर संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बिलासपुर ने यह कार्रवाई की है।
शिक्षक के विरुद्ध पदीय दायित्वों में लापरवाही, अनुशासनहीनता,मदिरापान कर विद्यालय पहुंचने, निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए जाने तथा उच्चाधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार और धमकी देने जैसे आरोप दर्ज किए गए हैं।
नोटिस का जवाब नहीं देने पर कार्रवाई
जारी आदेश के अनुसार, शिक्षक ज्योति भूषण सिंह कंवर, शिक्षक एलबी, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला खोडरी के विरुद्ध शिकायतों के आधार पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी, पोंड़ी-उपरोड़ा ने कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया था। आदेश में उल्लेख है कि शिक्षक ने निर्धारित नोटिस का जवाब प्रस्तुत नहीं किया।
शिक्षक के कथित कृत्यों को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 की कंडिका 3 एवं 23(ख) के विपरीत मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
पोंड़ी-उपरोड़ा कार्यालय में रहेगा मुख्यालय
निलंबन अवधि के दौरान शिक्षक का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, पोंड़ी-उपरोड़ा निर्धारित किया गया है। आदेश के मुताबिक, इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















