1.89 करोड़ रुपये की तकनीकी स्वीकृति से लगाई गईं स्ट्रीट लाइटें, भारी वाहनों और राहगीरों को मिलेगी राहत
कोरबा। सर्वमंगला – इमलीछापर मार्ग से गेवरा रेलवे स्टेशन तक रात में आवागमन को सुविधाजनक और सुरक्षित बनाने के लिए स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। लंबे समय से अंधेरे के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को होने वाली परेशानी को दूर करने की दिशा में यह पहल की गई है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) मद से इस कार्य के लिए 1 करोड़ 89 लाख 99 हजार रुपये की तकनीकी स्वीकृति प्रदान की गई थी। विद्युत यांत्रिकी विभाग द्वारा स्ट्रीट लाइट स्थापना का कार्य पूरा किया जा रहा है।

लगभग 5.55 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर भारी वाहनों सहित बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन लगातार गुजरते हैं।
सड़क बनने के बाद रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से चालकों को रास्ता देखने में परेशानी होती थी। अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी। ऐसे में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था से इस मार्ग पर रात के समय आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।
वाहन चालकों और राहगीरों को मिलेगी राहत
स्ट्रीट लाइटें लगने से मार्ग पर रोशनी की व्यवस्था बेहतर हुई है। इससे रात में चलने वाले भारी वाहनों और अन्य वाहन चालकों को रास्ता देखने में सहूलियत मिलेगी।साथ ही,पैदल चलने वाले राहगीरों और क्षेत्रवासियों को भी इसका लाभ मिलेगा। सीएसआर मद से किए गए इस कार्य का उद्देश्य महत्वपूर्ण मार्ग पर रात्रिकालीन आवागमन की सुविधा बढ़ाना और अंधेरे के कारण होने वाली परेशानियों को कम करना है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















