कांग्रेस की चिंता, बूथ कमेटी कहीं ‘भूत कमेटी’ न बन जाए : जयसिंह

‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान मे शामिल होंगे संगठन प्रभारी अन्नव ज्योति पटनायक और पूर्व मंत्री उमेश पटेल

कोरबा।कांग्रेस के ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान के तहत 29 अक्टूबर को संगठन प्रभारी अन्नव ज्योति पटनायक और कोरबा शहर प्रभारी एवं पूर्व मंत्री उमेश पटेल कोरबा आएंगे।

इस दौरान वे जिला कांग्रेस सहित महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, ओबीसी प्रकोष्ठ, सेवादल,अनुसूचित जाति-जनजाति प्रकोष्ठ तथा ब्लॉक, मंडल, वार्ड और बूथ कमेटियों के पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की बैठक लेंगे।

बैठक की तैयारी को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय, टीपी नगर में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की उपस्थिति में बैठक हुई। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि कमेटियों का गठन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से होना चाहिए।

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कहीं ऐसा न हो कि बूथ कमेटी के बजाय ‘भूत कमेटी’ बन जाए। उन्होंने पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अपने निवास वाले बूथ में बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने की जरूरत भी बताई।

पांच ब्लॉक कमेटी बनाने का प्रस्ताव पारित
जयसिंह अग्रवाल ने बताया कि कोरबा विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में चार ब्लॉक कमेटियां हैं। इनमें दर्री-जमनीपाली में 14 वार्ड और 60 बूथ, बालको में 10 वार्ड और 45 बूथ, कुसमुंडा में 6 वार्ड और 20 बूथ तथा कोरबा में 37 वार्ड और 174 बूथ शामिल हैं। उन्होंने कोरबा ब्लॉक कमेटी को दो हिस्सों में बांटकर एक नई कमेटी बनाने का प्रस्ताव रखा, जिसे बैठक में सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बैठक में पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, पूर्व सभापति श्यामसुंदर सोनी, पूर्व जिलाध्यक्ष नत्थुलाल यादव, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ठाकुर और रेखा त्रिपाठी ने भी विचार रखे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने संचालन किया, जबकि महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी ने आभार जताया।

इस अवसर पर अर्चना उपाध्याय, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, सांसद प्रतिनिधि मोहन प्रधान, पार्षद नारायण कुर्रे, रवि चंदेल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।