चार माह से चना वितरण बंद, सीपीआई ने उठाया सवाल कब मिलेगा चना?

कोरबा।जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत अगस्त से चना वितरण बंद होने पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) ने नाराजगी जताई है। पार्टी ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर चना वितरण दोबारा शुरू करने और इसे बंद रखने का कारण स्पष्ट करने की मांग की है।

सीपीआई के जिला सचिव पवन वर्मा ने कहा कि चना वितरण बंद होने से हितग्राहियों को परेशानी हो रही है। ज्ञापन में जिले की उचित मूल्य दुकानों में ई-पॉश मशीन का सर्वर डाउन रहने, समय पर राशन नहीं मिलने और दुकानों के अनियमित समय पर खुलने की समस्याएं भी उठाई गईं।

पार्टी का आरोप है कि पहले शिकायतें किए जाने के बावजूद इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है।

सीपीआई ने चना वितरण जल्द शुरू करने के साथ राशन व्यवस्था में आ रही समस्याओं को दूर करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान एनके दास, श्याम बिहारी बनाफर, विजयलक्ष्मी चौहान, रामू केंवट, नरेंद्र कुमार, सरिता और अनंत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।