सतगढ़ तंवर और सतनामी समाज के सामुदायिक भवनों की रखी आधारशिला
कोरबा। नगर विधायक एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने शुक्रवार को नगर निगम के दर्री जोन में 1.13 करोड़ रुपये की लागत वाले 13 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इनमें सतगढ़ तंवर समाज के लिए 20 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन तथा सतनामी समाज के लिए 15 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन और बाउंड्रीवॉल निर्माण शामिल हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर संजू देवी राजपूत ने की।

लाटा मेन रोड पर मेडिकल स्टोर के पास सतगढ़ तंवर समाज के सामुदायिक भवन का निर्माण होगा, जबकि वार्ड क्रमांक 55 के सुमेधा सतनामीपारा में सतनामी समाज के लिए भवन और बाउंड्रीवॉल बनाई जाएगी। दोनों समाजों के प्रतिनिधियों ने विकास कार्यों की स्वीकृति पर मंत्री के प्रति आभार जताया।
वार्डों में होंगे विभिन्न निर्माण कार्य
भूमिपूजन के तहत वार्ड क्रमांक 49 की ओड़िया बस्ती में शेड निर्माण, वार्ड 50 के एचटीपीएस दर्री में बीएमएस कार्यालय का जीर्णोद्धार एवं विस्तार और वार्ड 52 व 53 के जनकपुरी में मंच निर्माण कराया जाएगा।
वार्ड 54 के जमनीपाली में सामुदायिक भवन के प्रथम तल पर अतिरिक्त कक्ष, सांस्कृतिक मंच और पेवर ब्लॉक का कार्य होगा। बरेड़ीमुड़ा के महंत मोहल्ले में अहाता व शेड निर्माण तथा कबीर आश्रम में शेड और सामुदायिक भवन में किचन शेड, सीढ़ी सहित विस्तार कार्य भी प्रस्तावित हैं।
इसके अलावा वार्ड 55 के नागिनभाठा सुमेधा में स्वास्थ्य केंद्र के पास मंच निर्माण, वार्ड 58 के श्याम नगर साडा कॉलोनी में मंच का जीर्णोद्धार और वार्ड 59 के फर्टिलाइजर बरपेड में शिव मंदिर के पास अहाता निर्माण सहित अन्य कार्य कराए जाएंगे।
हर वार्ड में विकास कार्य प्राथमिकता : देवांगन
मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि समाजों की मांग के अनुरूप विकास कार्यों को स्वीकृति देकर धरातल पर उतारा जा रहा है। पिछले तीन वर्षों में करीब 60 समाजों की मांग पर विकास कार्य कराए गए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शहर के मुख्य मार्गों के साथ वार्डों की आंतरिक सड़कों का निर्माण और डामरीकरण भी कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वार्डों का सर्वांगीण विकास और समाजों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, पार्षद मुकुंद सिंह कंवर, अजय चंद्रा, फिरत कुमार साहू, प्रीति दिनेश शर्मा, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन व सरोज शांडिल्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















