ज्योत्सना महंत ने जताया दुख, मुड़ापार हत्याकांड के बाद नशे के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग
कोरबा।रजगामार क्षेत्र में सात वर्षीय बालिका की हत्या से आहत कोरबा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी से दूरभाष पर चर्चा कर मामले की जानकारी ली और निष्पक्ष व त्वरित जांच के साथ प्रकरण की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की।
सांसद ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा समाज और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है। नवरात्रि में कन्या पूजा के बीच इस तरह की घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने पुलिस से सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाने और अदालत में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके।
सांसद महंत ने मुड़ापार में युवक की हत्या की घटना पर भी चिंता जताई। उन्होंने जिले में अवैध शराब, नशीली दवाओं और सूखे नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने दिवंगत बालिका की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना भी की।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















