कोरबा।कोसाबाड़ी स्थित निर्मला हायर सेकेंडरी स्कूल एक बार फिर शिकायतों को लेकर चर्चा में है। स्कूल प्रबंधन पर शिक्षा के अधिकार (आरटीई) के तहत प्रवेश लेने वाले कुछ विद्यार्थियों से एक हजार रुपए अतिरिक्त राशि लिए जाने, अवकाश मांगने वाली शिक्षिकाओं के साथ कथित तौर पर प्रताड़ना करने तथा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों-कर्मचारियों से धार्मिक प्रार्थना कराए जाने के आरोप लगाए गए हैं।
शिकायतों के बाद कलेक्टर के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय जांच टीम ने मंगलवार को स्कूल पहुंचकर संबंधित पक्षों से पूछताछ की और उनके लिखित बयान दर्ज किए।
मामले की शिकायत पथर्रीपारा निवासी आरटीआई कार्यकर्ता जितेन्द्र कुमार साहू सहित स्थानीय नागरिकों रजनीश मिश्रा, जगदीश प्रधान, राजेश मिश्रा और अखिलेश मणी तिवारी द्वारा कलेक्टर के समक्ष की गई थी। शिकायत में स्कूल की प्राचार्य अजया मैरी से संबंधित विभिन्न बिंदुओं को उठाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की गई थी।
शिकायत के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय ने तीन सदस्यीय जांच दल गठित किया। दल में कोरबा बीईओ जितेन्द्र साहू, सेजेस कुसमुंडा के प्राचार्य एलके साहू तथा शासकीय हाईस्कूल दादरखुर्द की प्राचार्य मंजू तिवारी शामिल हैं। टीम ने मंगलवार को स्कूल पहुंचकर शिकायत में उल्लेखित बिंदुओं की जानकारी ली और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए।
बीईओ जितेन्द्र साहू ने बताया कि जांच के दौरान संबंधित लोगों के लिखित बयान लिए गए हैं। जांच के बाद रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपी जाएगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षिका को अवैतनिक अवकाश पर भेजने का आरोप
शिकायत में शिक्षिका रिंकी सिन्हा को कथित तौर पर एक वर्ष के अवैतनिक अवकाश पर भेजे जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, शिक्षिका ने केवल एक सप्ताह के मेडिकल अवकाश की मांग की थी, लेकिन उनसे एक वर्ष के अवैतनिक अवकाश का आवेदन लिखवाया गया। इससे उन्हें ईएसआईसी के तहत मिलने वाली चिकित्सा सुविधा से वंचित होने का दावा किया गया है।
एक अन्य गंभीर रूप से बीमार शिक्षिका को तीन मंजिला सीढ़ियां चढ़ने के लिए मजबूर किए जाने की शिकायत भी जांच के सामने रखी गई है। वहीं आरटीई के तहत प्रवेश लेने वाले बीपीएल विद्यार्थियों निकांत यादव, मायरा, लक्ष्य यादव और ध्रुव यादव से एक-एक हजार रुपए अतिरिक्त लिए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इस संबंध में साक्ष्य मिटाने का प्रयास भी किया गया।
इसके अलावा शिकायत में स्कूल में विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों पर कथित रूप से ऐसे नियम लागू करने का आरोप लगाया गया है, जिन्हें शिकायतकर्ताओं ने कोल्लम, केरल स्थित मिशनरी संस्था से जुड़े नियमों के आधार पर मनमाना बताया है। विद्यार्थियों तथा हिंदू शिक्षकों-कर्मचारियों से ईसाई प्रार्थना कराए जाने का आरोप भी शिकायत में शामिल है।
फिलहाल जांच टीम ने शिकायत में लगाए गए आरोपों पर संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए हैं। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति और आगे की प्रशासनिक कार्रवाई स्पष्ट होगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















