राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में गितेश ने जीता स्वर्ण, युवराज ने हासिल किया चौथा स्थान; जूनियर नेशनल के लिए भी चयन
कोरबा। कोरबा के युवा तीरंदाजों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई है। रायपुर में आयोजित 26वीं जूनियर राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में कोरबा के गितेश यादव ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि युवराज यादव ने चौथा स्थान प्राप्त किया। दोनों खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन के बाद उनका चयन अब जूनियर नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप के लिए हुआ है।
गितेश और युवराज की उपलब्धि यहीं नहीं रुकी। दोनों प्रतिभाशाली तीरंदाजों का चयन भारतीय टीम के फॉरेन एक्सपोजर प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए भी किया गया है।
इसके तहत दोनों खिलाड़ी तुर्की (यूरोप) में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। विदेश में प्रशिक्षण का यह अवसर दोनों खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा के अनुभव से रूबरू होने का मौका देगा।
दोनों खिलाड़ियों का चयन कोरबा में तीरंदाजी के क्षेत्र में उभर रही नई प्रतिभाओं के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राज्य स्तर पर प्रदर्शन के बाद जूनियर नेशनल और भारतीय टीम के फॉरेन एक्सपोजर प्रशिक्षण तक पहुंचना उनकी मेहनत और खेल के प्रति निरंतर समर्पण को दर्शाता है।
गितेश यादव और युवराज यादव की इस उपलब्धि पर राष्ट्रीय तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष कैलाश मुरारका, प्रदेश सचिव आयुष मुरारका, कोच भरत यादव, भानु यादव, कृष चौहान, सेद कुमार यादव, देवेंद्र सोनी एवं राहुल यादव ने बधाई दी।
उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















