बालको जोन में सफाई व्यवस्था में लापरवाही, ठेकेदार पर 10 हजार का जुर्माना

कोरबा। नगर निगम के बालकोनगर जोन में सफाई व्यवस्था में लापरवाही सामने आने पर निगम प्रशासन ने सफाई ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की है। कमिश्नर आशुतोष पाण्डेय ने मंगलवार सुबह 7 बजे से निगम की टीम के साथ विभिन्न वार्डों और बस्तियों का निरीक्षण किया। इस दौरान बालकोनगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था में खामी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार पर 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।

कमिश्नर के निर्देश पर बालकोनगर जोन अंतर्गत वार्ड क्रमांक 39, 44 एवं 45 में सफाई कार्यों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सफाई कार्य से निकलने वाले अपशिष्ट का समय पर उठाव नहीं किया गया था।

कचरा पड़ा रहने के कारण क्षेत्र की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।

इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए निगम प्रशासन ने क्षेत्र के सफाई ठेकेदार विजय कुमार यादव के विरुद्ध 10 हजार रुपये का अर्थदंड आरोपित किया। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही दोबारा सामने आने पर अनुबंध की नियम-शर्तों के तहत संबंधित ठेकेदार के खिलाफ आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

निगम कमिश्नर के औचक निरीक्षण और कार्रवाई के बाद विभिन्न जोन में सफाई कार्य का ठेका लेने वाले ठेकेदारों और संबंधित कर्मचारियों में भी सतर्कता बढ़ी है। निगम प्रशासन ने साफ किया है कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।