शिक्षा से ही साकार होगा विकसित भारत का सपना : लखनलाल

पीडब्ल्यूडी स्कूल में विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया जागरूकता का संदेश

कोरबा। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में विद्यार्थियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर ही विद्यार्थी देश और प्रदेश के विकास में प्रभावी योगदान दे सकते हैं। यह बात वाणिज्य एवं उद्योग, श्रम तथा आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने मंगलवार को रामपुर स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पीडब्ल्यूडी में आयोजित नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम में कही।

यह आयोजन सेवा संकल्प अभियान के तहत किया गया।

विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शिक्षा, जागरूकता और देश के विकास से जुड़े संदेश प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में मंत्री देवांगन ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर विद्यालयों में ‘आशीर्वाद का दीया’ सहित भाषण, चित्रकला और नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना है।

उन्होंने कहा कि कोरबा जिले में जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) सहित विभिन्न मदों से सड़क, पुल-पुलिया, विद्यालय, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य भवन और छात्रावासों के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। रामपुर स्थित विद्यालय में भवन निर्माण के साथ एक अन्य भवन का निर्माण भी डीएमएफ से प्रस्तावित है।

मोबाइल का सीमित उपयोग कर पढ़ाई पर दें ध्यान
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने विद्यार्थियों से मोबाइल का सीमित उपयोग करने और पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का समय और ऊर्जा उनके भविष्य निर्माण के लिए महत्वपूर्ण है।

एमआईसी सदस्य एवं पार्षद नरेंद्र देवांगन ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में भी सहायक हैं।

पार्षद श्रीमती ममता यादव ने भी विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय ने सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विद्यालयों में आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में शाला विकास समिति के अध्यक्ष संजीव शर्मा, नरेंद्र पाटनवार, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।