सेवा सेतु शिविर में 12 किसानों को मिली डिजिटल ऋण पुस्तिका

बांकीमोंगरा में एक ही छत के नीचे मिलीं कई सरकारी सेवाएं, राशन कार्ड से लेकर पीएम आवास तक के स्वीकृति पत्र वितरित

कोरबा। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा कार्यालय परिसर में सोमवार को आयोजित सेवा सेतु अभियान शिविर में नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिला। शिविर में 12 किसानों को डिजिटल किसान किताब (डिजिटल ऋण पुस्तिका) सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को दस्तावेज और सहायता राशि वितरित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल रहे, जबकि अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने की।

शिविर में नगर पालिका की राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु पंजीयन, पेंशन, राजस्व और नल-जल शाखाओं के अलावा विद्युत, स्वास्थ्य, उद्यान, आधार कार्ड, जाति-निवास, पशु चिकित्सा और श्रम विभाग के स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों ने नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देने के साथ मौके पर आवेदन भी प्राप्त किए।

कई हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रेमचंद पटेल और नगर पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा ने 12 हितग्राहियों को डिजिटल किसान किताब, 6 हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किए। मुख्यमंत्री मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत एक हितग्राही को 20 हजार रुपये तथा श्रद्धांजलि योजना के तहत एक हितग्राही को 2,500 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।

इसके अलावा 9 आवेदकों को मृत्यु प्रमाण पत्र, एक आवेदक को जन्म प्रमाण पत्र और 10 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने सेवा सेतु जैसे शिविरों को नागरिकों के लिए उपयोगी पहल बताया।

नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र का समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना परिषद की प्राथमिकता है।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी ज्योत्सना टोप्पो ने बताया कि शिविर का उद्देश्य नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल, सहज और सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराना है।

शिविर में नायब तहसीलदार, विकास झा, एल्डरमैन जितेंद्र सिंह, निराकार नाहक, देव प्रसाद यादव, प्रमोद सोना, अश्वनी मिश्रा, पार्षद दिलीप दास सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।