केपीएल पताढ़ी प्लांट का शैक्षणिक भ्रमण, इंजीनियरों ने कोल हैंडलिंग, बॉयलर, टरबाइन और कंट्रोल रूम की समझाई कार्यप्रणाली
कोरबा। लायंस इंग्लिश स्कूल टीपी नगर के कक्षा 10वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने पूर्ववर्ती लैंको पावर एवं वर्तमान केपीएल प्रोजेक्ट पताढ़ी का शैक्षणिक भ्रमण किया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ औद्योगिक कार्यप्रणाली तथा बिजली उत्पादन की व्यवहारिक प्रक्रिया से रूबरू कराना था।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने प्लांट के विभिन्न विभागों का अवलोकन किया। अनुभवी इंजीनियरों एवं तकनीकी विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को कोल हैंडलिंग प्लांट, बॉयलर, टरबाइन और कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली की जानकारी दी।
विद्यार्थियों ने उत्सुकता के साथ समझा कि कोयले और पानी के उपयोग से बिजली का उत्पादन किस प्रकार किया जाता है और फिर उसे ग्रिड तक पहुंचाया जाता है।
इस दौरान विद्यार्थियों को प्लांट में अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों और पर्यावरण संरक्षण के आधुनिक उपायों की भी जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने औद्योगिक इकाई में सुरक्षा की भूमिका और तकनीकी प्रक्रियाओं के बारे में विद्यार्थियों के सवालों के जवाब भी दिए।
शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को विज्ञान एवं तकनीकी विषयों में पढ़ाई जाने वाली अवधारणाओं को वास्तविक औद्योगिक परिवेश में समझने का अवसर मिला। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस तरह के भ्रमण विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ाने के साथ उनके भविष्य के करियर विकल्पों को समझने में भी उपयोगी साबित होते हैं।
इस अवसर पर लायंस क्लब अध्यक्ष रविशंकर सिंह, पूर्व चेयरमैन पीएमजेएफ जयप्रकाश अग्रवाल पीएमसीसी, चेयरमैन राजकुमार अग्रवाल, सचिव संतोष खरे, कोषाध्यक्ष अमरेश सिंघानिया, प्राचार्य रमेश शर्मा, शिक्षक एम. देवांगन, एसपी तिवारी, श्रीमती रीना ग्वाला एवं श्रीमती किरण सिंह उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















