15 अक्टूबर से ओपन थिएटर में रामलीला

20 अक्टूबर तक वाराणसी की रामलीला, तैयारियों को लेकर संचालन समिति की बैठक; सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा पर रहेगा फोकस

कोरबा। आश्विन नवरात्र के अवसर पर कोरबा के ओपन थिएटर परिसर में 15 से 20 अक्टूबर तक वाराणसी की रामलीला का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर सोमवार को संचालन समिति की बैठक हुई, जिसमें कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत सहित अधिकारी और एमआईसी सदस्य शामिल हुए।

बैठक में रामलीला आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि पिछले वर्ष आयोजित रामलीला को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिला था और हजारों नागरिकों ने कार्यक्रम का आनंद लिया। इस बार आयोजन को और बेहतर बनाने के साथ दर्शकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

संस्कृति और संस्कारों से जुड़ा आयोजन
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि श्रीरामलीला केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, परंपरा और संस्कारों से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और नागरिकों की सहभागिता को देखते हुए नगर निगम द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं प्राथमिकता से पूरी की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि रामलीला जैसे आयोजनों के माध्यम से युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने तथा उन्हें सकारात्मक दिशा देने में भी मदद मिलती है।

सुरक्षा से लेकर रोशनी तक पर मंथन
समीक्षा बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुविधा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने और किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय पर भी जोर दिया गया।

नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कहा कि आयोजन को प्रभावी, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

बैठक में जिला भाजपाध्यक्ष गोपाल मोदी, सभापति नूतन सिंह,एमआईसी सदस्य अशोक चावलानी, हितानंद अग्रवाल, अप्रेक्स बैंक के पूर्व अध्यक्ष देवेन्द्र पाण्डेय, जिला भाजपा कोषाध्यक्ष अजय पाण्डेय, विधायक प्रतिनिधि विकास झा, पार्षद नरेन्द्र देवांगन, प्रीति स्वर्णकार सहित अन्य उपस्थित रहे।