‘समस्याओं के भंवर’ से लोगों को निकालना हमारी प्राथमिकता : लखनलाल

सेवा सेतु शिविर में 89 आवेदन मिले, विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को मौके पर मिला लाभ

कोरबा। आम नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण और उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत टी.पी. नगर जोन कार्यालय परिसर में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता करते हुए कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि सरकार और प्रशासन की प्राथमिकता है कि लोगों को उनकी समस्याओं के भंवर से हर हाल में बाहर निकाला जाए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में कोरबा सहित छत्तीसगढ़ को विकास की दिशा में आगे ले जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान के तहत लगाए जा रहे सेवा सेतु शिविर शासन की योजनाओं को नागरिकों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।

89 आवेदन मिले, विभागों ने लगाए स्टॉल

टीपी नगर जोन में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर नागरिकों को शासकीय योजनाओं की जानकारी दी तथा उनकी समस्याएं और आवेदन प्राप्त किए। शिविर में कुल 89 आवेदन प्राप्त हुए।

मंत्री देवांगन ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया और शिविर में पहुंचे नागरिकों से उनकी समस्याओं तथा शिकायतों की जानकारी ली। अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

आवास की चाबी से लेकर श्रवण यंत्र तक बांटे

शिविर के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबी, श्रद्धांजलि योजना के चेक, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के एलओआर, मुख्यमंत्री महतारी योजना के तहत 20 हजार रुपये के चेक, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना का लाभ, वृद्धावस्था पेंशन की स्वीकृति तथा समाज कल्याण विभाग की ओर से श्रवण यंत्र वितरित किए गए।

इससे शिविर में पहुंचे हितग्राहियों को एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं से संबंधित सेवाएं और सुविधाएं मिलीं।

67 वार्डों तक पहुंचाने का प्रयास : महापौर

महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि कोरबा प्रदेश के बड़े नगर निगमों में शामिल है। निगम अपने संसाधनों के माध्यम से 67 वार्डों में बुनियादी सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम कर रहा है।

सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने जिला एवं निगम प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि टीम नागरिकों की समस्याओं के समाधान और कोरबा के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।

निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कहा कि टी.पी. नगर जोन का नाम ‘संकल्प’ है और निगम का प्रयास है कि शासकीय सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

आगे इन जोन में लगेंगे शिविर

नगर निगम द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 6 अक्टूबर को कोरबा जोन, 8 अक्टूबर को कोसाबाड़ी जोन, 9 अक्टूबर को पं. रविशंकर शुक्ल नगर जोन, 10 अक्टूबर को बालको जोन, 13 अक्टूबर को दर्री जोन और 14 अक्टूबर को सर्वमंगला नगर जोन में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ शिविर आयोजित किए जाएंगे।

शिविर में एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, पार्षदगण, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, गोपाल मोदी, डॉ. राजीव सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।