मतदाता सूची में नाम जुड़वाने 5 से 31 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान

कोरबा। मतदाता सूची को अधिक अद्यतन और समावेशी बनाने के लिए कोरबा जिले में 5 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देश पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित होगा।

सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से छूटे पात्र नागरिकों के साथ पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं का पंजीकरण कराया जाएगा। अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर पहुंचकर मतदाता सूची की जांच करेंगे और पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने की प्रक्रिया सुनिश्चित करेंगे।

नाम नहीं है तो कराएं पंजीयन
विशेष अभियान के दौरान ऐसे व्यक्ति भी पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकेंगे, जो वर्तमान में मतदाता सूची में पंजीकृत नहीं हैं अथवा जिनका नाम किसी कारण से मतदाता सूची से हट गया है और वे निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं।

निर्वाचन आयोग के अनुसार नए मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 का उपयोग किया जाता है। पात्र नागरिक ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं। निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल पर नए पंजीकरण के साथ आवेदन की स्थिति देखने और मतदाता सूची में अपना नाम खोजने की सुविधा उपलब्ध है।

17वर्ष से अधिक आयु के युवा भी दे सकेंगे अग्रिम आवेदन
अभियान के दौरान 17 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्कूलों और महाविद्यालयों में प्राचार्यों के माध्यम से पात्र युवाओं से फॉर्म-6 के अग्रिम आवेदन लिए जा सकते हैं। निर्वाचन आयोग की व्यवस्था के अनुसार, जो युवा संबंधित चार पात्रता तिथियों में 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले हैं, वे अग्रिम आवेदन कर सकते हैं और पात्रता पूरी होने पर उनका पंजीकरण संबंधित प्रक्रिया के तहत किया जाता है।

जिले के शासकीय एवं अशासकीय हायर सेकेंडरी स्कूलों और महाविद्यालयों में भी इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन आवेदन की सुविधा
18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र नागरिक मतदाता पंजीकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। निर्वाचन आयोग के Voters’ Services Portal और Voter Helpline App के माध्यम से पंजीकरण, आवेदन की स्थिति की जानकारी और मतदाता सूची में नाम खोजने जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

ऑफलाइन आवेदन के लिए फॉर्म-6 बूथ लेवल अधिकारी (BLO), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) और जिला निर्वाचन कार्यालय के माध्यम से उपलब्ध रहेगा।

‘कोई पात्र नागरिक न छूटे’ पर जोर
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी माधुरी सोम ठाकुर के निर्देशन में चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्रता पूरी करने वाला कोई भी नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।

निर्वाचन विभाग ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे पहले मतदाता सूची में अपना नाम जांचें। नाम दर्ज नहीं होने अथवा पात्र होने के बावजूद नाम छूट जाने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीकरण के लिए आवेदन करें।