तीन दिन बाद मलबे से निकला सोनसाय का शव, कुएं की सफाई के दौरान धंसी थी मिट्टी

कोरबा।जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम पंचायत गुरमा में कुएं की सफाई के दौरान हुए हादसे में मलबे में दबे 55 वर्षीय ग्रामीण सोनसाय मंझवार का शव तीन दिन बाद बरामद कर लिया गया। बुधवार 1 अक्टूबर की दोपहर कुएं की सफाई के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से सोनसाय मलबे में दब गए थे।

हादसे के बाद से ही उन्हें बाहर निकालने के लिए लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा था।

कुएं की गहराई और बार-बार मिट्टी खिसकने के कारण बचाव दल को अभियान के दौरान काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। मलबा हटाने के दौरान दोबारा मिट्टी धंसने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा उपायों के साथ बचाव कार्य आगे बढ़ाया गया। रेस्क्यू टीम ने लगातार तीन दिनों तक मशक्कत करते हुए मलबा हटाने का काम जारी रखा।

शनिवार शाम आखिरकार बचाव दल को सफलता मिली और सोनसाय मंझवार का शव मलबे से बाहर निकाल लिया गया। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

हादसे की खबर के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुटे रहे और तीन दिनों तक रेस्क्यू अभियान के पूरा होने का इंतजार करते रहे।

शव बरामद होने के साथ ही रेस्क्यू अभियान समाप्त कर दिया गया। घटना को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।