डीएसपीएम ताप विद्युत गृह के औषधि उद्यान में रोपे गए औषधीय पौधे

सेवा संकल्प अभियान के तहत पौधरोपण, मुख्य अभियंता संजीव कंसल ने कहा पर्यावरण संरक्षण सभी की जिम्मेदारी

कोरबा। सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेशभर में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह (डीएसपीएम), कोरबा पूर्व स्थित औषधि उद्यान में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने औषधीय पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर मुख्य अभियंता संजीव कंसल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का दायित्व है। औषधि उद्यान में लगाए जा रहे पौधे आने वाले समय में परिसर की हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को औषधीय वनस्पतियों के महत्व और उपयोग के प्रति जागरूक करने का माध्यम बनेंगे।

उन्होंने कहा कि औषधीय पौधों का संरक्षण प्रकृति और स्वास्थ्य, दोनों की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। ऐसे प्रयासों से परिसर में हरित वातावरण तैयार होने के साथ कर्मचारियों में भी पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होगी।

पौधरोपण कार्यक्रम में अति मुख्य अभियंता राजेश्वरी रावत, एलएन सूर्यवंशी, सुनील सरना, जीपी भगत, आरके साहू सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वयं पौधे रोपे।

कार्यक्रम में सिविल विभाग की सक्रिय भागीदारी रही।

अधिकारियों और कर्मचारियों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प भी लिया।