कमर्शियल एयरपोर्ट के लिए 10 करोड़ का प्रारंभिक प्रावधान, जल्द तकनीकी टीम करेगी सर्वे; जामबहार की ओर बढ़ेगा रनवे
कोरबा।औद्योगिक नगरी कोरबा में वर्षों से चली आ रही हवाई सेवा की मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ती दिखाई दे रही है। केंद्र सरकार की उड़ान योजना में कोरबा को शामिल किया गया है। इसके तहत रूमगरा एयरस्ट्रिप को विकसित कर कमर्शियल एयरपोर्ट के रूप में तैयार करने की योजना है। सिविल एविएशन की ओर से चालू बजट वर्ष में इसके लिए 10 करोड़ रुपये की प्रारंभिक राशि का प्रावधान किया गया है। अब जल्द ही तकनीकी टीम कोरबा पहुंचकर एयरस्ट्रिप का सर्वे और मूल्यांकन करेगी।
प्रस्तावित योजना के अनुसार रूमगरा एयरस्ट्रिप का जामबहार की दिशा में विस्तार किया जाएगा। इसके लिए रनवे की लंबाई और चौड़ाई बढ़ाने के साथ टर्मिनल भवन, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। तकनीकी टीम के सर्वे और व्यावहारिक मूल्यांकन के बाद विस्तार की रूपरेखा और आगे की प्रक्रिया तय होगी। आने वाले कुछ महीनों में सर्वे और मूल्यांकन का काम पूरा होने की संभावना जताई जा रही है।
14 साल पुराने इंतजार पर लग सकता है विराम
कोरबा में हवाई सेवा शुरू करने की कोशिश नई नहीं है। दिसंबर 2012 में राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ एविएशन अकादमी के माध्यम से प्रदेश के पांच शहरों में एयर टैक्सी सेवा शुरू करने की तैयारी की थी। इसमें कोरबा भी शामिल था। उस समय रूमगरा एयरस्ट्रिप से छह सीटर एयर टैक्सी का ट्रायल भी किया गया था और रायपुर के लिए किराया निर्धारित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ी थी। हालांकि रनवे विस्तार और तकनीकी अड़चनों के कारण यह योजना आगे नहीं बढ़ सकी।
इसके बाद कोरबा से बाद में जुड़े अंबिकापुर में नियमित हवाई सेवा शुरू हो गई। अब उड़ान योजना में कोरबा के शामिल होने से शहरवासियों को वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की नई उम्मीद बंधी है।
1980 के दशक में बनी थी एयरस्ट्रिप
रूमगरा एयरस्ट्रिप का निर्माण 1980 के दशक में कोरबा पूर्व बिजली संयंत्र के निर्माण के दौरान अधिकारियों और विदेशी इंजीनियरों की आवाजाही के लिए किया गया था। उस दौर में यहां चार्टर विमान उतरते थे। बाद में बिजली कंपनी के लिए इसका उपयोग सीमित हो गया।
करीब दो दशक पहले बालको के विस्तार प्रोजेक्ट के दौरान एयरस्ट्रिप का उपयोग बालको प्रबंधन द्वारा किया जाने लगा। वर्तमान में इसके रखरखाव और सुरक्षा की जिम्मेदारी बालको के पास है। हालांकि समय-समय पर शासकीय विमान भी यहां उतरते रहे हैं।
जामबहार की ओर बढ़ेगा रनवे
रूमगरा एयरस्ट्रिप को कमर्शियल एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने के लिए मौजूदा रनवे का विस्तार आवश्यक माना जा रहा है। इसके लिए बिजली कंपनी की जमीन के हस्तांतरण की प्रक्रिया प्रस्तावित है। योजना के अनुसार जामबहार की ओर सरकारी जमीन पर रनवे का विस्तार किया जाना है।
पूर्व में हुए सर्वे के दौरान बालको की चिमनियों और फुटका पहाड़ की स्थिति का भी परीक्षण किया गया था। बताया गया है कि इनसे उड़ानों के संचालन में तकनीकी बाधा नहीं पाए जाने के बाद एयरस्ट्रिप के विस्तार की संभावनाएं बनी हैं।
उद्योग और पर्यटन को भी मिलेगा फायदा
रूमगरा में कमर्शियल एयरपोर्ट विकसित होने से कोरबा सीधे हवाई संपर्क से जुड़ सकेगा। इससे आम यात्रियों के साथ उद्योगपतियों, व्यापारियों और निवेशकों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है। रायपुर समेत अन्य प्रमुख शहरों तक पहुंच बेहतर होने से जिले की औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को गति मिल सकती है।
हवाई कनेक्टिविटी का लाभ कोरबा के पर्यटन स्थलों को भी मिलने की संभावना है। पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय कारोबार और रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
कलेक्टर बोले- जल्द पहुंचेगी तकनीकी टीम
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बताया कि केंद्र सरकार की उड़ान योजना में कोरबा को शामिल किया गया है। सिविल एविएशन की ओर से इस वर्ष के बजट में 10 करोड़ रुपये की प्रारंभिक राशि का प्रावधान किया गया है। फिलहाल परियोजना प्रारंभिक चरण में है।जल्द ही तकनीकी टीम कोरबा पहुंचकर रूमगरा एयरस्ट्रिप का सर्वे करेगी।
सर्वे और आवश्यक मूल्यांकन के बाद एयरस्ट्रिप के विस्तार तथा कोरबा को हवाई सेवा से जोड़ने की दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















