बारिश थमते ही हरदीबाजार की बदहाल सड़कों की खुली पोल, गड्ढों और धूल से राहगीर परेशान

हरदीबाजार। बारिश थमते ही हरदीबाजार की बदहाल सड़कों की तस्वीर सामने आने लगी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, वहीं भारी वाहनों की आवाजाही से दिनभर धूल के गुबार उड़ रहे हैं। इससे वाहन चालकों, राहगीरों और आसपास के दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हरदीबाजार के बजरंग चौक, कॉलेज चौक, अंबेडकर चौक से भटगांव-उत्तरदा मार्ग तक सड़क की स्थिति बदहाल नजर आ रही है। गड्ढों के कारण वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। गड्ढों से बचने के दौरान वाहन गलत दिशा में चले जाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।

भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क पर धूल उड़ने के कारण दुकानदारों और राहगीरों को भी परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नवरात्रि, दशहरा और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार सामने हैं, ऐसे में बाजार और मुख्य मार्गों पर भीड़ बढ़ेगी। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं होने से लोगों में चिंता बढ़ रही है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से त्योहारों से पहले सड़क के गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने और धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव कराने की मांग की है।

लोगों का सवाल है कि आखिर त्योहारों से पहले सड़क की हालत सुधरेगी या उन्हें इसी बदहाल सड़क और उड़ती धूल के बीच सफर करना पड़ेगा?