गेवरा में सीजीएम की कुर्सी पर किसकी ताजपोशी? अशोक कुमार समेत चार नाम चर्चा में

कोरबा। एसईसीएल के सर्वाधिक महत्वपूर्ण कोयला क्षेत्रों में शामिल गेवरा एरिया को जल्द नया मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) मिल सकता है। वर्तमान सीजीएम संजय मिश्रा का नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल), सिंगरौली में डायरेक्टर टेक्निकल पद के लिए चयन होने के बाद अब गेवरा की कमान किस अधिकारी को सौंपी जाएगी, इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। संभावित नामों में दीपका क्षेत्र के महाप्रबंधक अशोक कुमार सहित चार अधिकारियों के नाम सामने आ रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, दीपका क्षेत्र के महाप्रबंधक अशोक कुमार, सोहागपुर क्षेत्र के जैना, कुसमुंडा क्षेत्र के पाटिल और रायगढ़ क्षेत्र में पदस्थ एक अधिकारी को गेवरा सीजीएम पद के संभावित दावेदारों में बताया जा रहा है। हालांकि अभी किसी नाम पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है। अंतिम निर्णय एसईसीएल के शीर्ष प्रबंधन द्वारा लिया जाएगा।

उत्पादन के साथ चुनौतियां भी बड़ी

गेवरा क्षेत्र एसईसीएल ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख कोयला उत्पादन क्षेत्रों में शामिल है। यहां लगातार उत्पादन बढ़ाने पर जोर है। बड़े पैमाने पर खनन गतिविधियों के साथ उत्पादन लक्ष्य, सुरक्षा, पर्यावरण, परिवहन और विस्थापन जैसे मुद्दे भी प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण चुनौती बने रहते हैं। ऐसे में गेवरा जैसे बड़े और संवेदनशील क्षेत्र की कमान संभालने वाले अधिकारी के अनुभव और प्रशासनिक क्षमता को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

संजय मिश्रा के जाने के बाद बदलेगी व्यवस्था

वर्तमान सीजीएम संजय मिश्रा का एनसीएल सिंगरौली में डायरेक्टर टेक्निकल पद के लिए चयन हो चुका है। नई जिम्मेदारी संभालने के लिए उनके जल्द गेवरा से कार्यमुक्त होने की संभावना है। उनके स्थानांतरण के बाद गेवरा क्षेत्र के प्रशासनिक और उत्पादन संबंधी संचालन की जिम्मेदारी नए सीजीएम के हाथों में होगी।

पहले भी गेवरा से एनसीएल का जुड़ा है संयोग

गेवरा के सीजीएम पद से एनसीएल में डायरेक्टर स्तर की नियुक्ति का संयोग पहले भी सामने आ चुका है। इससे पहले गेवरा के सीजीएम रहे ए. त्यागी का चयन एनसीएल में डायरेक्टर पद के लिए हुआ था। हालांकि सिंगरौली जाने के दौरान हुई सड़क दुर्घटना में उनका निधन हो गया था।

फिलहाल गेवरा के नए सीजीएम को लेकर अधिकारियों के बीच चर्चाओं का दौर जारी है। संभावित नामों में से किस अधिकारी पर शीर्ष प्रबंधन भरोसा जताता है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।