आप प्रदेश प्रवक्ता आनंद सिंह बोले- लगातार चुनावी नतीजों को लेकर उठ रहे सवालों की होनी चाहिए जांच
कोरबा। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आनंद सिंह ने बुधवार को प्रेसवार्ता में एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) की प्रक्रिया सहित कोरबा जिले से जुड़े विभिन्न जनमुद्दों को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की।
आनंद सिंह ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि नाम विलोपन की प्रक्रिया और उसके आधार को लेकर राजनीतिक दलों तथा आम लोगों के बीच सवाल उठ रहे हैं। चुनाव आयोग के आधिकारिक दस्तावेजों के अनुसार एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची का पुनरीक्षण और उसकी शुद्धता सुनिश्चित करना है।
आनंद सिंह ने चुनावी नतीजों में भारतीय जनता पार्टी को लगातार मिल रही सफलता को लेकर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के प्रदर्शन में लगातार गिरावट और भाजपा की लगातार जीत को लेकर उनकी पार्टी के मन में संदेह है। उन्होंने एसआईआर की प्रक्रिया की जांच के साथ चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली की भी जांच किए जाने की मांग रखी। ये उनके और पार्टी के राजनीतिक आरोप व मांगें हैं।
प्रेसवार्ता के दौरान आनंद सिंह ने कोरबा जिले की स्थानीय समस्याओं को भी उठाया। उन्होंने जिले में ट्रेन सुविधाओं की कमी, सड़कों पर आवारा पशुओं की मौजूदगी, बिजली खर्च के बढ़ते बोझ तथा जर्जर सड़कों का मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध नहीं होने का आरोप लगाते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग की।
उन्होंने शिक्षा, ग्रामीण विकास सहित अन्य स्थानीय मुद्दों पर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने की बात कही। आप नेताओं ने कहा कि जनसमस्याओं को लेकर पार्टी आगे भी प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखती रहेगी।
प्रेसवार्ता में प्रदेश संगठन मंत्री जगलाल राठिया, जिलाध्यक्ष रिचर्ड डेबिटलोगन,जिला संगठन मंत्री लहना सिंह, सोमराज, यूथ विंग जिलाध्यक्ष आजाद बक्स,जिला उपाध्यक्ष धर्मदास गांधी,लोकसभा उपाध्यक्ष भूषण कुर्रे तथा महिला जिलाध्यक्ष/उपाध्यक्ष सरोज यादव सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















