जनरेशन कंपनी के एमडी एसके कटियार का कार्यकाल 31 मार्च 2027 तक बढ़ा

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के प्रबंध निदेशक संजीव कुमार कटियार (एस.के. कटियार) के कार्यकाल में राज्य शासन ने एक बार फिर विस्तार किया है। ऊर्जा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार अब वे 31 मार्च 2027 तक प्रबंध निदेशक के पद पर बने रहेंगे।

एस.के. कटियार के कार्यकाल के दौरान एबीवीटीपीएस मड़वा के प्रदर्शन में सुधार कंपनी की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रहा है। वित्त वर्ष 2023-24 में मड़वा संयंत्र का प्लांट लोड फैक्टर (पीएलएफ) 49 प्रतिशत से बढ़कर 84.4 प्रतिशत तक पहुंचा। कंपनी के अनुसार इस प्रदर्शन के बाद छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी ने 33 राज्य जनित निगमों के बीच पहला स्थान हासिल किया।

46 दिन में पूरा हुआ जटिल तकनीकी काम
कोरबा पश्चिम ताप विद्युत संयंत्र में स्टेशन कंट्रोल एवं इंस्ट्रूमेंटेशन सिस्टम के नवीनीकरण जैसे तकनीकी रूप से जटिल कार्य को महज 46 दिनों में पूरा किया गया। कंपनी के अनुसार निर्धारित समय में इस कार्य को पूरा करना तकनीकी दक्षता और बेहतर कार्य प्रबंधन का उदाहरण रहा।

इंजीनियरिंग के साथ ऊर्जा ऑडिट में विशेषज्ञता
मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक एस.के. कटियार प्रमाणित ऊर्जा लेखा परीक्षक हैं। इसके अलावा उन्होंने प्रबंधन में डिप्लोमा भी हासिल किया है।

कंपनी के अनुसार उनके कार्यकाल में स्पष्ट कार्य दिशा,टीम वर्क और अधिकारियों-कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर रहा है।

अब 31 मार्च 2027 तक बढ़े कार्यकाल के साथ जनरेशन कंपनी के सामने विद्युत उत्पादन क्षमता में वृद्धि, मौजूदा संयंत्रों के प्रदर्शन में सुधार और तकनीकी दक्षता को और मजबूत करने की जिम्मेदारी रहेगी।