एसईसीएल तकनीकी निदेशक ने किया कोरबा क्षेत्र का सघन दौरा

सरायपाली और मानिकपुर ओपनकास्ट माइंस में खनन गतिविधियों की समीक्षा,प्रेषण व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर

कोरबा । एसईसीएल के डायरेक्टर (टेक्निकल)-प्रोजेक्ट एंड प्लानिंग नृपेन्द्र नाथ ने कोरबा क्षेत्र का सघन दौरा कर सरायपाली ओपनकास्ट माइंस एवं मानिकपुर ओपनकास्ट माइंस की संचालन गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खनन कार्य, कोयला उत्पादन, उत्पादकता बढ़ाने के उपाय, ओवरबर्डन हटाने तथा कोयला प्रेषण की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

श्री नाथ ने क्षेत्रीय अधिकारियों से खनन गतिविधियों की प्रगति की जानकारी लेते हुए सुरक्षित, दक्ष एवं टिकाऊ खनन संचालन के लिए समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया। उन्होंने उत्पादन एवं उत्पादकता में सुधार के साथ सुरक्षा मानकों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मानिकपुर साइलो की व्यवस्था भी देखी

सरायपाली और मानिकपुर ओपनकास्ट माइंस के निरीक्षण के बाद श्री नाथ ने मानिकपुर साइलो का भी जायजा लिया। उन्होंने कोयला प्रेषण प्रणाली तथा कोयले की सुचारू निकासी के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

उन्होंने प्रेषण प्रबंधन को और बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय तथा परिचालन स्तर पर पूरी तैयारी रखने पर जोर दिया। साथ ही खदानों से उत्पादन के बाद कोयले के सुचारू एवं व्यवस्थित प्रेषण को महत्वपूर्ण बताया।

दौरे के दौरान कोरबा क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी भी नृपेन्द्र नाथ के साथ उपस्थित रहे और उन्हें क्षेत्र की खनन, उत्पादन एवं प्रेषण गतिविधियों की जानकारी दी।