सेवा संकल्प अभियान की बाइक रैली 1 अक्टूबर को पहुंचेगी भैसमा और पसान

विद्यार्थियों को कॉपी-पेन वितरण, आवास हितग्राहियों से संवाद और स्वच्छता-वृक्षारोपण कार्यक्रम होंगे आयोजित

कोरबा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा यात्रा बाइक रैली 1 अक्टूबर को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचेगी। रैली के दौरान सेवा और जनसरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भैसमा में विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की जाएगी, जबकि पसान में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से संवाद किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बाइक रैली 1 अक्टूबर को दोपहर 2.30 बजे भैसमा पहुंचेगी। यहां विद्यार्थियों को कॉपी और पेन का वितरण किया जाएगा। इसके बाद रैली शाम 4.30 बजे पसान पहुंचेगी, जहां प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से संपर्क कर योजना से संबंधित जानकारी एवं उनके अनुभवों पर संवाद किया जाएगा।

इसके बाद रैली रात लगभग 8.30 बजे कटघोरा स्थित अग्रसेन भवन, सेवा कुंज, गोकुल धाम पहुंचेगी। यहां रैली में शामिल जनप्रतिनिधियों का रात्रि विश्राम निर्धारित है।

2 अक्टूबर को वृक्षारोपण और स्वच्छता कार्यक्रम
सेवा यात्रा के दूसरे दिन 2 अक्टूबर को सुबह 6.30 बजे रैली में शामिल जनप्रतिनिधि वृक्षारोपण एवं स्वच्छता कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद सुबह 9.15 बजे पोड़ी उपरोड़ा के केंद्रीय आश्रम में सेवा कार्य एवं संतों के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

सेवा यात्रा के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क के साथ सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े संदेश को आगे बढ़ाया जाएगा।