घंटाघर से कलेक्ट्रेट तक मार्च, पुतला दहन के बाद राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन; एसआईआर और मतदाता सूची की स्वतंत्र समीक्षा की मांग
कोरबा।मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को कोरबा में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में घंटाघर से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली और नारेबाजी की। कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार के पास मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया गया। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रशासन को सौंपा गया। देशभर में भी कांग्रेस ने इसी मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किए।
रैली के दौरान पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि जनता का वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देश की जनता के सामने आना चाहिए। कांग्रेस की ओर से निर्वाचन आयोग की निर्णय प्रक्रिया से जुड़ी आपत्तियों की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच की मांग रखी गई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौहान ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के नाम ज्ञापन संयुक्त कलेक्टर अभिषेक राठौर को सौंपा।
इन मुद्दों की समीक्षा की मांग
ज्ञापन में कांग्रेस ने एसआईआर और मतदाता सूची में हुए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा, निर्वाचन आयोग की आईटी एवं डेटा व्यवस्था की जांच, आयोग के भीतर दर्ज आपत्तियों पर तथ्यात्मक स्पष्टीकरण तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में लिए गए संबंधित निर्णयों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन में प्रदेश एवं जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं, ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल तथा विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















