डंडे से मारने के बाद भतीजे ने टंगिया से किया हमला; वारदात के बाद शहडोल में छिपा था आरोपी, गांव लौटते ही पुलिस ने दबोचा
कोरबा-पसान। पसान थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया में पुश्तैनी जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान 85 वर्षीय बुजुर्ग की उसके 23 वर्षीय भतीजे ने टंगिया से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी गांव से फरार हो गया था। पुलिस के मुताबिक वह शहडोल के आसपास छिपा हुआ था। गांव लौटने की सूचना मिलते ही पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने बताया कि मृतक बबन राम यादव (लगभग 85 वर्ष) सीपतपारा, पिपरिया का निवासी था। उसका अपने भतीजे सोनू उर्फ अशोक यादव (23 वर्ष), पिता राम प्रसाद यादव के साथ पुश्तैनी जमीन के हिस्से को लेकर करीब एक वर्ष से विवाद चल रहा था।
पुलिस के अनुसार 22 सितंबर की सुबह करीब 5.30 बजे जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। बताया गया कि पुश्तैनी जमीन का खातेदार होने के कारण आरोपी का किसान क्रेडिट कार्ड नहीं बन पा रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई।
डंडे के बाद टंगिया से हमला
विवाद के दौरान बबन राम ने अशोक को कथित तौर पर गाली देते हुए डंडे से मार दिया। इसके बाद अशोक ने अपने पास रखी टंगिया से चाचा पर हमला कर दिया। हमले में बबन राम की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान उसके शहडोल के आसपास छिपे होने की जानकारी सामने आई।
बाद में आरोपी के गांव वापस लौटने की सूचना मुखबिर से मिली। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















