नशामुक्त भारत का संकल्प, विद्यार्थियों ने ली शपथ

माय भारत युवा कार्यक्रम के तहत कटघोरा कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम, युवाओं को सकारात्मक दिशा में ऊर्जा लगाने का संदेश

कोरबा। माय भारत युवा कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को शासकीय मुकुटधर पाण्डेय महाविद्यालय, कटघोरा में नशामुक्ति को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान से जुड़ते हुए नशे से दूर रहने और नशामुक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनने की शपथ ली।

एसडीएम कटघोरा विपिन दुबे (आईएएस) ने विद्यार्थियों को नशामुक्त भारत बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थी जीवन में नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा समाज और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने भविष्य और करियर का निर्माण करें।

इनोवेशन चैलेंज में भाग लेने की अपील

जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने जिले में संचालित माय भारत युवा कार्यक्रम के उद्देश्यों और उसकी उपयोगिता की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को Service First Innovation Challenge में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए अपने नवाचारी विचारों और आइडिया के प्रस्ताव 6 अक्टूबर तक जमा करने की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि विकसित भारत चैलेंज क्विज प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागियों को आगामी 12 जनवरी 2027, राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में देश के शीर्ष नेतृत्व के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि कोरबा जिले में अब तक 56 हजार से अधिक युवा माय भारत युवा कार्यक्रम के लिए सफलतापूर्वक पंजीकृत हो चुके हैं।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. डी.पी. टंडन, ईएलसी प्रभारी शैलेन्द्र सिंह ओट्टी, नूतन पाल कुर्रे, डॉ. प्रिंस मिश्रा सहित माय भारत युवा कार्यक्रम के वॉलेंटियर्स और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।